अवैध संबंधों के शक में पत्नी पर कार चढ़ाने वाला पति गुजरात से गिरफ्तार
रायपुर थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान की मदद से आरोपित कैलाश जाट को गुजरात के चोटिला से पकड़ा, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की गई।

अवैध संबंधों के शक में अपनी नातायत पत्नी को कार से कुचलकर जान से मारने का प्रयास करने वाले कलयुगी पति को रायपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित पति कैलाश जाट को दबोचने के साथ वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली। शुक्रवार को आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए गए।
रायपुर थाना police से प्राप्त जानकारी के अनुसार खाननिया निवासी कैलाश (35) पुत्र बद्री जाट ने करीब 11 साल पहले हेमा का खेड़ा निवासी इंद्रा (32) के साथ नाता विवाह किया था। पिछले कुछ समय से कैलाश को अपनी पत्नी इंद्रा के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते वह इंद्रा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। पति की लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर इंद्रा पिछले सात-आठ महीनों से अपने पीहर हेमा का खेड़ा में रह रही थी और ससुराल नहीं जा रही थी।
बताया गया कि 8 मई को सुबह करीब नौ बजे कैलाश अपनी स्विफ्ट कार लेकर ससुराल हेमा का खेड़ा पहुंचा। वहां उसने देखा कि इंद्रा अपनी मां के साथ खेत की ओर जा रही है। इसी दौरान कैलाश ने कार की रफ्तार बढ़ाकर इंद्रा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इंद्रा हवा में उछलकर सड़क किनारे लगी बाड़ में जा गिरी और कार भी बाड़ में घुस गई।
अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण एकत्र हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने कार पर पथराव कर दिया, जिससे कार का पिछला शीशा टूट गया। भीड़ को उग्र होते देख आरोपित कैलाश मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल इंद्रा को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में 16 मई को पीड़िता इंद्रा ने पति कैलाश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करवाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की गई, जिसमें आरोपित की लोकेशन गुजरात के चोटिला क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने गुजरात में दबिश देकर आरोपित कैलाश को कार सहित डिटेन किया और रायपुर लेकर आई।
पुलिस पूछताछ में आरोपित कैलाश ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पत्नी पर चरित्रहीनता के आरोप लगाए। उसने पुलिस को बताया कि समझाने के बावजूद जब इंद्रा नहीं मानी तो उसने गुस्से में आकर उसे जान से मारने की नीयत से कार चढ़ा दी। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटनास्थल का मौका तस्दीक करवाया। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद शुक्रवार को न्यायालय में पेश किए गए आरोपित को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी के साथ दीवान भवानी सिंह, जसवंत सिंह, सांवरमल और मुकेश शामिल रहे। अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या के प्रयास की यह वारदात क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
