लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुने गए राधेश्याम चेचानी, दक्षिण राजस्थान माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष
दक्षिण राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के सत्र 2026-29 के चुनाव में राधेश्याम चेचानी लगातार दूसरी बार निर्विरोध प्रदेशाध्यक्ष चुने गए। रामगोपाल सोमानी सहित सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

भीलवाड़ा के आनंदम् भवन में आयोजित चुनाव के बाद नवगठित कार्यकारिणी के सदस्य और पदाधिकारी।
भीलवाड़ा, 19 जुलाई। दक्षिण राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के सत्र 2026-29 के लिए रविवार को आनंदम् भवन, आजाद नगर में आयोजित चुनाव में राधेश्याम चेचानी लगातार दूसरी बार निर्विरोध प्रदेशाध्यक्ष चुने गए। वहीं रामगोपाल सोमानी को भी प्रदेशमंत्री पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
मुख्य चुनाव अधिकारी सत्यनारायण मूंदड़ा ने बताया कि समाज के नए भवन आनंदम्, प्रकल्प जिला महेश सेवा निधि में सुबह 10 बजे से चुनाव प्रक्रिया केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय शंकर मूंदड़ा एवं अशोक जैथलिया की देखरेख में शुरू हुई। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ।
निर्वाचन प्रक्रिया में प्रदेश कोषाध्यक्ष पद पर ओमप्रकाश गन्दोड़िया, प्रदेश संगठन मंत्री पद पर महेंद्र काकाणी निर्विरोध निर्वाचित हुए। प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर भीलवाड़ा के ओम प्रकाश गट्टानी, सत्येंद्र बिड़ला, सुरेश कचोलिया, राधेश्याम सोमानी (मरुधरा) तथा उदयपुर के राकेश मूंदड़ा चुने गए।
प्रदेश संयुक्त मंत्री पद पर केदार न्याती राजसमंद, महेश असावा उदयपुर, राजेंद्र भदादा भीलवाड़ा, संजय राठी गुलाबपुरा एवं गोवर्धन सोमानी बनेड़ा निर्विरोध निर्वाचित हुए। कार्यालय मंत्री पद पर देवेंद्र सोमानी को चुना गया। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कार्यकाल वर्ष 2026 से 2029 तक रहेगा।
चित्तौड़ में निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने के कारण वहां के पद रिक्त रखे गए हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी सत्यनारायण मूंदड़ा ने बताया कि चुनाव अधिकारी टीम में रतन लाल मंडोवरा, राजेन्द्र बिड़ला, राजेन्द्र पोरवाल और पवन कुमार बांगड़ मौजूद रहे। निर्विरोध निर्वाचन से समाज में एकजुटता का संदेश गया है। चुनाव की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही समाज के वरिष्ठजनों, कार्यकर्ताओं और महिला मंडल की ओर से नई कार्यकारिणी को बधाइयां दी गईं। आनंदम् परिसर में इस दौरान उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर महासभा के पूर्व सभापति रामपाल जी सोनी ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई देते हुए कहा, "टीम अच्छी बनी है। इनको समाज के उत्थान के काम करने चाहिए। जिले की टीम ने पूर्व में भी अच्छा कार्य किया है और आगे भी टीम भावना से कार्य करेगी।"
रामपाल सोनी ने कहा कि नए सत्र में अनुभव का लाभ समाज को मिलना चाहिए। हर दो माह में कार्यसमिति/कार्यकारी मंडल की बैठक कर महासभा की सभी योजनाओं का लाभ ग्रामीण अंचल तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य अलग-अलग पदाधिकारियों में बांटकर किए जाने चाहिए। महासभा की जितनी योजनाएं चल रही हैं और आगे भी चलेंगी, उन्हें आने वाले समय को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि आज के समय में उच्च शिक्षा सबसे बड़ी जरूरत है। हम बिजनेस कम्युनिटी से हैं, जिसमें उच्च शिक्षा की बड़ी आवश्यकता है।
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चेचानी ने सभी कार्यकारी मंडल सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि वे समाज हित और संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि महासभा की योजनाओं को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभाई जाएगी। सभी जिलाध्यक्षों से चर्चा कर दो से तीन माह में बैठक के माध्यम से समाज उत्थान के कार्यों को गति दी जाएगी। साथ ही फिजूलखर्ची रोकने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री जगदीश प्रसाद कोगटा, पुष्कर सेवा सदन उपाध्यक्ष अनिल बांगड़, जिलाध्यक्ष अशोक बाहेती भीलवाड़ा, जिला महेश सेवा निधि के सचिव प्रहलाद राय लढ़ा, रामेश्वरम अध्यक्ष कैलाश कोठारी, नगर अध्यक्ष केदार जागेटिया, महेश सेवा समिति राजेंद्र कचौलिया सहित अनेक पदाधिकारी और समाज बंधु मौजूद रहे।
दक्षिण राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा की नई कार्यकारिणी के निर्विरोध गठन के साथ वर्ष 2026-29 के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय हो गई हैं। नई टीम ने समाज हित, संगठन मजबूती और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
