भीलवाड़ा।

जहाजपुर थाना क्षेत्र में रात्रि सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरी एक बार फिर उजागर हुई है। पुलिस की ढीली गश्त का फायदा उठाते हुए चोरों ने धार्मिक स्थलों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सोमवार रात शाहपुरा रोड स्थित जय गुरुदेव आश्रम से करीब 50 किलो वजनी दान पात्र चोरी कर लिया गया। पूरी घटना आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, इसके बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। लगातार दूसरी रात हुई चोरी की इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।

घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है, जब दो चोर आश्रम परिसर में दाखिल हुए। श्रद्धालुओं की सेवा राशि से भरे भारी दान पात्र को उठाकर वे पास के खेत में ले गए। वहां दान पात्र को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली और टूटे हुए पात्र को खेत में ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

चोरी का खुलासा उस समय हुआ, जब जय गुरुदेव संगत के प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्षद विष्णु कुमार रात करीब नौ बजे आश्रम पहुंचे। आश्रम में दान पात्र गायब देख आसपास तलाश की गई, जिसके बाद पास के खेत में टूटा हुआ दान पात्र मिला। स्पष्ट था कि चोर नकदी निकालकर मौके से भाग चुके थे।

आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात साफ तौर पर रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में दो चोर दान पात्र को उखाड़कर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर जहाजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू करने और आरोपियों की पहचान के प्रयास की बात कही है।

गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले कस्बे के नरसिंह द्वारा स्थित प्राचीन मंदिर में भी चोरी की बड़ी घटना सामने आई थी, जहां भगवान के मुकुट सहित करीब दो किलो चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। लगातार हो रही इन वारदातों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और पुलिस की रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में रोष व्याप्त है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो चोरों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story