भीलवाड़ा में मनोज्ञाचार्य पूज्य गुरुदेव पुलकसागरजी म.सा. के चातुर्मासिक मंगलप्रवेश का वर्षों से इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं की प्रतीक्षा शनिवार को समाप्त होगी। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, मेन सेक्टर शास्त्रीनगर के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा आयोजित चातुर्मास के लिए पूज्य गुरुदेव शनिवार शाम 4 बजे रामधाम चौराहे से भव्य शोभायात्रा के साथ भीलवाड़ा शहर में मंगलप्रवेश करेंगे। इससे पूर्व शनिवार सुबह वे न्यू आजादनगर स्थित जय विलास होटल पहुंचेंगे।

श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि पूज्य गुरुदेव पुलकसागरजी महाराज के भीलवाड़ा में प्रथम चातुर्मास को लेकर दिगम्बर जैन समाज के साथ-साथ जैनोत्तर समाज में भी उत्साह का माहौल है। भीलवाड़ावासी पलक-पांवड़े बिछाकर उनके स्वागत के लिए आतुर हैं। उनके मंगलप्रवेश पर सर्व समाज द्वारा अगवानी करते हुए भव्य राजशाही स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। पूज्य गुरुदेव सहित छह संत एवं तीन क्षुल्लिका का चातुर्मासिक मंगलप्रवेश रामधाम से प्रारंभ होने वाली शोभायात्रा के साथ होगा।

चातुर्मास संयोजक मनीष शाह ने बताया कि शोभायात्रा रामधाम से रवाना होकर रेलवे फाटक, मुरली विलास रोड, स्टेशन चौराहा, गोल प्याऊ, नेताजी सुभाष मार्केट, सिंधुनगर, शास्त्रीनगर मेन सेक्टर स्थित पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर होते हुए सूर्यमहल पहुंचेगी। शोभायात्रा के दौरान ड्रोन से पुष्पवर्षा की जाएगी। नासिक का प्रसिद्ध ढोल बैंड और उज्जैन का महाकाल ताशा बैंड विशेष आकर्षण रहेंगे। पुष्कर के अंतरराष्ट्रीय नगाड़ा वादक नाथूसिंह सोलंकी अपनी टीम के साथ गोल प्याऊ चौराहे पर नगाड़ों की दिव्य ध्वनि और संगीत से गुरुदेव की अगवानी करेंगे। दिगम्बर जैन महिला मंडलों की ओर से देशभक्ति एवं धर्म-संस्कृति पर आधारित सजीव झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी।

चातुर्मास सह संयोजक लोकेश अजमेरा ने बताया कि नेताजी सुभाष मार्केट में 108 थालियों में आचार्यश्री का पाद प्रक्षालन किया जाएगा। शोभायात्रा मार्ग पर लाइव रंगोली भी सजाई जाएगी। चित्रकूटधाम में 1 अगस्त को गुरु गुणानुवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 2 अगस्त को चातुर्मासिक मंगल कलश की स्थापना की जाएगी। इन कार्यक्रमों में देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। चातुर्मास के दौरान 15 से 30 अगस्त तक चित्रकूटधाम में ज्ञान गंगा महोत्सव का आयोजन होगा। नियमित चातुर्मासिक प्रवचन प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से 10 बजे तक शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में होंगे।

इससे पहले पूज्य पुलकसागरजी महाराज शुक्रवार सुबह मण्डपिया स्थित आरएसडब्ल्यूएम परिसर से विहार कर चित्तौड़ रोड पर ब्रांडेड फैक्ट्री के सामने स्थित शाह फार्म हाउस पहुंचे। विहार मार्ग में नायरा पेट्रोल पम्प पर दिलीप, प्रवीण, नवीन, राहुल चौधरी एवं उनके परिवारजनों ने पाद प्रक्षालन कर पूज्य गुरुदेव का स्वागत एवं अभिनंदन किया। भीलवाड़ा चातुर्मासिक मंगलप्रवेश से पूर्व शनिवार सुबह वे न्यू आजादनगर स्थित जय विलास होटल पहुंचेंगे, जहां से दोपहर 3 बजे रवाना होकर रामधाम चौराहे से भीलवाड़ा नगर में चातुर्मासिक मंगलप्रवेश करेंगे। वर्षों की प्रतीक्षा के बाद होने जा रहा यह आयोजन शहर के धार्मिक और सामाजिक जीवन का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है, जिसमें सर्व समाज की भागीदारी देखने को मिलेगी।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story