चित्तौड़गढ़ से भीलवाड़ा की ओर बढ़े पुलकसागरजी महाराज, श्रद्धालुओं ने की अगवानी
पुलकसागरजी महाराज चित्तौड़गढ़ से भीलवाड़ा की ओर विहार कर चुके हैं। चातुर्मासिक अगवानी के लिए सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे और 25 जुलाई के मंगल प्रवेश को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

भीलवाड़ा आगमन की तैयारी के दौरान संत पुलकसागरजी महाराज के साथ उपस्थित श्रद्धालु।
भीलवाड़ा, 18 जुलाई। धर्मनगरी भीलवाड़ा में पहली बार चातुर्मास करने पधार रहे ओजस्वी प्रवचनकार प्रख्यात राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पूज्य गुरूदेव पुलकसागरजी म.सा. ने शनिवार शाम चित्तौड़गढ़ से विदा होकर भीलवाड़ा की दिशा में विहार प्रारंभ किया। पूज्य संत प्रवर की चातुर्मासिक अगवानी के लिए भीलवाड़ा से धर्मध्वजा लेकर सैकड़ों श्रद्धालु चित्तौड़गढ़ पहुंचे और गुरूदेव से शीघ्र भीलवाड़ा की पुण्यधरा पर चातुर्मास के लिए पधारने की भावपूर्ण विनती की।
सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी के नेतृत्व में उपाध्यक्ष प्रकाश गंगवाल, महामंत्री लोकेश अजमेरा, मंत्री नरेश गोधा, सह मंत्री भेरू लाल बडजात्या, दिनेश सेठिया, समाज के कोषाध्यक्ष अशोक कांटीवाल, लक्ष्मीलाल जैन सहित सभी मंदिरों के अध्यक्ष एवं पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट के जयकुमार पाटनी, अनिल जैन, महेंद्र सोगानी, प्रेम सेठी सहित विहार युवा समिति के रवि चौधरी, अभिषेक पटौदी, संदीप बाकलीवाल, अनंत जैन सहित सैकड़ों युवा विहार में सम्मिलित हुए। पूज्य गुरुदेव ने सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए मंगलभावना व्यक्त की।
चातुर्मास समिति अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने कहा कि करीब 11 वर्ष की प्रतीक्षा के बाद फिर भीलवाड़ा आ रहे पूज्य गुरूदेव पुलकसागरजी महाराज के दर्शन-वंदन और चातुर्मास में उनके मुखारबिंद से जिनवाणी श्रवण करने के लिए भीलवाड़ावासी आतुर हैं और 25 जुलाई का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जब चातुर्मासिक मंगल प्रवेश होगा।
चित्तौड़गढ़ से भीलवाड़ा तक की विहार यात्रा में धर्मध्वजा लेकर भीलवाड़ा के श्रद्धालु निरंतर साथ चलेंगे और पूरे श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ गुरूदेव को भीलवाड़ा लेकर आएंगे। विहार संयोजक रवि चौधरी, अभिषेक पाटोदी, संदीप बाकलीवाल, अनंत जैन एवं पारस वैद की अगुवाई में 60 युवाओं की टीम द्वारा चित्तौड़गढ़ से भीलवाड़ा तक विहार कराया जाएगा। विहार मार्ग में जगह-जगह स्वागत एवं अभिनंदन की तैयारियां भी की जा रही हैं।
श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, मैन सेक्टर शास्त्रीनगर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले चातुर्मास के दौरान धर्म आराधना एवं भक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। चातुर्मासिक प्रवचन प्रतिदिन 26 जुलाई से सुबह 8.30 से 10 बजे तक शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में होंगे। प्रवचन के लिए यहां विशाल वाटरप्रूफ डोम पांडाल तैयार किया गया है।
चातुर्मास के दौरान 15 से 30 अगस्त तक चित्रकूटधाम में पूज्य पुलकसागरजी म.सा. के सानिध्य में ज्ञान गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इससे पूर्व चित्रकूटधाम में ही 1 अगस्त को गुरू गुणानुवाद कार्यक्रम होगा और चातुर्मासिक मंगल कलश की स्थापना 2 अगस्त को की जाएगी। चित्रकूटधाम में भी विशाल वाटरप्रूफ पांडाल तैयार किया गया है। मंगलकलश स्थापना कार्यक्रम में देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
पूज्य पुलकसागरजी महाराज की चातुर्मासिक यात्रा को लेकर भीलवाड़ा के श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। चित्तौड़गढ़ से शुरू हुई विहार यात्रा अब भीलवाड़ा में 25 जुलाई को होने वाले चातुर्मासिक मंगल प्रवेश की दिशा में आगे बढ़ रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
