भीलवाड़ा में प्रेम देवी डीडवानिया के निधन पर परिवार ने किया नेत्रदान
भीलवाड़ा की आर.के. कॉलोनी निवासी डीडवानिया परिवार ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए मरणोपरांत कराया नेत्रदान, जयपुर में दो नेत्रहीनों को मिलेगी नई रोशनी।

भीलवाड़ा की आर.के. कॉलोनी में स्वर्गीय प्रेम देवी डीडवानिया के निधन के बाद नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी होने पर उपस्थित डीडवानिया परिवार के सदस्य और भारत विकास परिषद वीर शिवाजी शाखा व लायंस आई बैंक की टीम।
शहर की आर.के. कॉलोनी स्थित A-47 निवासी स्वर्गीय श्रीमती प्रेम देवी, धर्मपत्नी स्वर्गीय मानकचंद जी डीडवानिया के निधन के बाद डीडवानिया परिवार ने शोक की इस घड़ी में मानवता और सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए मरणोपरांत नेत्रदान कर समाज के सामने प्रेरणादायी मिसाल कायम की।
स्वर्गीय श्रीमती प्रेम देवी का हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। इसके पश्चात उनके पुत्र कैलाश चंद, दामोदर लाल, जगदीश प्रसाद, डी.पी. अग्रवाल (SBI), ललित, विनोद, राजेंद्र, नितिन, शिवम, राजीव सहित समस्त डीडवानिया परिवार ने अंधत्व निवारण के उद्देश्य से नेत्रदान हेतु सहमति प्रदान की। परिवार के इस निर्णय की समाज में व्यापक सराहना की जा रही है।
यह पुनीत कार्य भारत विकास परिषद वीर शिवाजी शाखा, भीलवाड़ा के सदस्य हरीश जी अग्रवाल के विशेष प्रयास एवं प्रेरणा से संभव हो सका। परिषद के सदस्यों ने परिवार को नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए इस मानवतावादी पहल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके सहयोग से आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, जयपुर (भीलवाड़ा चैप्टर) एवं लायंस आई बैंक की टीम द्वारा नेत्रदान की संपूर्ण प्रक्रिया संपन्न करवाई गई।
लायन राकेश पगारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. प्रतिष्ठा छिपा के निर्देशन में आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, जयपुर के नेत्र सहायक चेतन भट्ट ने A-47 आर.के. कॉलोनी स्थित निवास पर पहुंचकर नेत्र उत्सर्जन की प्रक्रिया पूर्ण की। प्राप्त कॉर्निया को सुरक्षित रूप से जयपुर भेजा गया, जहां इनके माध्यम से दो नेत्रहीन व्यक्तियों को नई रोशनी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद वीर शिवाजी शाखा के अध्यक्ष कमलेश बोडाना, सचिव पंकज अग्रवाल, सह सचिव हरीश अग्रवाल, योगेश मित्तल, कमलेश सोमानी सहित परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।
भारत विकास परिषद वीर शिवाजी शाखा एवं लायंस आई बैंक परिवार ने स्वर्गीय श्रीमती प्रेम देवी डीडवानिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डीडवानिया परिवार के इस अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी निर्णय के प्रति आभार व्यक्त किया।
शाखा अध्यक्ष कमलेश बोडाना ने कहा कि “नेत्रदान महादान है। ऐसे प्रेरणादायी कार्य समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ अनेक जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई रोशनी लाने का कार्य करते हैं। डीडवानिया परिवार का यह निर्णय निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।”

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
