गंगापुर (भीलवाड़ा)। पोटलां कस्बे के प्रसिद्ध गढ़ वाले बालाजी मंदिर में लाभ पंचमी के अवसर पर आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में आयोजित भव्य अन्नकूट महोत्सव में भगवान बालाजी महाराज को 1100 किलोग्राम महाप्रसाद का भोग अर्पित किया गया। इस दौरान सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। वहीं, भजन संध्या में पूरी रात भक्ति गीतों की गूंज के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे।

अन्नकूट महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई थीं। महाप्रसाद निर्माण में सेवाभावी युवाओं और ग्रामीणों ने पूरे समर्पण के साथ भागीदारी निभाई। आयोजन के तहत लगभग 800 किलोग्राम विभिन्न प्रकार की ताजी सब्जियों से स्वादिष्ट मिक्स सब्जी तैयार की गई। इसके अलावा 300 किलोग्राम चावल, चौवला, शुद्ध देसी घी और चीनी के मिश्रण से पारंपरिक मिष्ठान अन्नकूट बनाया गया। इस प्रकार कुल 1100 किलोग्राम महाप्रसाद तैयार कर भगवान बालाजी महाराज को विधि-विधान से अर्पित किया गया।


अन्नकूट का भोग लगाने के बाद मंदिर परिसर में महाआरती हुई। इस दौरान बालाजी महाराज के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। महाआरती संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण शुरू किया गया। मंदिर परिसर में अनुशासित व्यवस्था के बीच भक्तों ने पत्तलों में पंक्तिबद्ध बैठकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। महाप्रसाद लेने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

धार्मिक आयोजन के साथ विशाल भजन संध्या भी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें स्थानीय कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। स्थानीय गायकों की सुरीली आवाज और भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। भजनों का सिलसिला पूरी रात जारी रहा और भोर की पहली किरण तक मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।

महोत्सव के दौरान गढ़ वाले बालाजी की मनमोहक झांकी भी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। आयोजन समिति और ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से लाभ पंचमी का अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, सेवा और भक्ति के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Next Story