पुरुषोत्तम मास में पेंच बालाजी मंदिर में भव्य नौका विहार और बर्फानी श्रृंगार, उमड़ा आस्था का सागर
पुरुषोत्तम मास में पेंच बालाजी मंदिर में आयोजित नौका विहार मनोरथ और बर्फानी श्रृंगार महोत्सव ने हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। रजत चोला, जलविहार और 2100 किलो आमरस प्रसाद के बीच भक्ति का अनूठा दृश्य देखने को मिला।

पेंच स्थित बालाजी मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित धार्मिक महोत्सव के दौरान नौका विहार, विशेष श्रृंगार और श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
पेंच। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर नवमी मंगलवार, 9 जून 2026 को पेंच स्थित बालाजी मंदिर आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अनुपम संगम का साक्षी बना। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आयोजित नौका विहार मनोरथ एवं बर्फानी श्रृंगार महोत्सव पूरे दिन धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच अत्यंत भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
महोत्सव के दौरान हनुमान जी महाराज का विशेष रजत चोला श्रृंगार किया गया। मोगरे के गजरों और बर्फ से सुसज्जित स्वरूप में श्रद्धालुओं को बाबा बर्फानी की तर्ज पर दिव्य दर्शन प्राप्त हुए। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया तथा श्री राम दरबार के सम्मुख यमुना भाव से जल सरोवर का निर्माण किया गया।
आयोजन के अंतर्गत पवित्र नदियों के जल को मिश्रित कर मंदिर के कुंड से जल भरकर सरोवर तैयार किया गया, जिसमें कमल, मोगरा, गुलाब पुष्प और सुगंधित इत्र का समावेश किया गया। इसी सरोवर में मोगरे के गजरों से अलंकृत नौका पर लड्डू गोपाल को विराजित कर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष अनिल कुमार मानसिंहका ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। सायं 6 बजे आरंभ हुआ जलविहार रात्रि 11 बजे तक निरंतर चलता रहा।
नौका विहार और बर्फानी श्रृंगार के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस अवसर पर भगवान को 2100 किलो आम से निर्मित आमरस का भोग अर्पित किया गया तथा दर्शन अवधि के दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण निरंतर जारी रहा।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सुनील मानसिंहका, गोपाल अग्रवाल, अशोक मैलाणा, योगेश अग्रवाल, चितवन व्यास, प्रदीप हिम्मत रामका, बलराज आचार्य, रमेश खोईवाल, अंकित सूरिया, योगेश पारीक, श्याम विजयवर्गीय, नारायण सोमानी, प्रभु भाई पटेल सहित मंदिर से जुड़े भक्तों का सहयोग रहा। आयोजन के समापन पर पंडित आशुतोष शर्मा ने सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुरुषोत्तम मास में आयोजित यह धार्मिक महोत्सव श्रद्धा, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक सहभागिता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया, जिसमें भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
