धर्मनगरी भीलवाड़ा के इतिहास में पहली बार आयोजित होने जा रही भव्य श्री शिव महापुराण कथा को लेकर उत्साह का वातावरण चरम पर है। आगामी 8 से 14 अप्रेल तक आजादनगर मेडिसिटी ग्राउण्ड पर प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारबिंद से प्रवाहित होने वाली इस ज्ञान गंगा के लिए प्रशासनिक और आयोजन स्तर पर तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। कथा स्थल पर उमड़ने वाले लाखों श्रद्धालुओं के सैलाब को देखते हुए साढ़े ग्यारह लाख वर्ग फीट के विशाल भूखंड में से करीब साढ़े चार लाख वर्ग फीट भूमि पर तीन विशालकाय वाटरप्रूफ डोम एवं पाइप पांडाल का निर्माण तीव्र गति से किया जा रहा है।

तैयारियों का जायजा लेने हेतु बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्रसिंह यादव एवं श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष व भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने कथा प्रांगण में ही विभिन्न महकमों के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। पुलिस अधीक्षक यादव ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं, जिसके तहत बाहर से 1500 अतिरिक्त पुलिसकर्मी बुलाए जा रहे हैं। उन्होंने क्राउड मैनेजमेंट, सुव्यवस्थित पार्किंग और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने हेतु वालंटियरों की सहायता भी ली जाएगी।

विधायक अशोक कोठारी ने नगर विकास न्यास एवं नगर निगम के अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर कथा स्थल की ओर जाने वाले मार्गों पर पेचवर्क पूर्ण करने, खुले नालों को ढकने और पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से कथा स्थल पर मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की तैनाती रहेगी, वहीं बिजली-पानी की सुचारू व्यवस्था हेतु अजमेर डिस्कॉम और जलदाय विभाग को पाबंद किया गया है।

समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने बताया कि महन्त बाबूगिरीजी महाराज के पावन सानिध्य में यह आयोजन संपन्न होगा, जिसके लिए कार्यकर्ताओं को पृथक-पृथक दायित्व सौंपे गए हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन, पुलिस उप अधीक्षक सज्जन सिंह, प्रतापनगर थाना प्रभारी राजपाल सिंह, ट्रेफिक प्रभारी बाबुलालजी, यूआईटी अधीक्षण अभियन्ता संजय माथुर, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी, सीएमएचओ सहित आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया, सह संयोजक सत्येन्द्र बिरला, सचिव ललित सोमानी, राजेश कुदाल, कैलाश सोनी, संजय राठी, दिनेश विजयवर्गीय, गजेन्द्रसिंह, अर्पित कोठारी और सत्यनारायण गुगड़ उपस्थित रहे।

इसी क्रम में, गुरुवार सुबह 7 से 8 बजे तक मेडिसिटी ग्राउण्ड पर 'श्रमदान परम सेवा धर्म' के अंतर्गत सामूहिक सफाई अभियान चलाया जाएगा। संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में विधायक अशोक कोठारी एवं राधेश्याम सोमानी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता श्रमदान कर 'कुबेर भण्डारी' पंडित प्रदीप मिश्रा के भव्य स्वागत हेतु कथा प्रांगण को स्वच्छ बनाएंगे। आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने का आह्वान किया है, जो इस धार्मिक समागम के प्रति जन-भागीदारी और भक्ति के अटूट संकल्प को प्रदर्शित करता है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story