युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और शैक्षणिक परिसरों को सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने की दिशा में राजस्थान पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा’ लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इसी क्रम में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) एवं विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘प्रोजेक्ट लक्ष्मण रेखा’ का चौथा चरण भीलवाड़ा सहित पूरे राजस्थान में सफलता के साथ संपन्न हुआ।

अभियान का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा शिक्षा संस्थानों को पूरी तरह नशामुक्त बनाना है। इस अभियान के तहत भीलवाड़ा के स्कूलों और कॉलेजों के आसपास 500 मीटर के दायरे को सख्त नशामुक्त क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस परिधि में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों की बिक्री, प्रचार-प्रसार अथवा सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

यह अभियान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा तथा अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। वहीं, एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई के साथ-साथ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार के नेतृत्व में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को बिना किसी भय के नशीली दवाओं से संबंधित गतिविधियों की जानकारी देने और शिकायत दर्ज कराने के लिए शैक्षणिक परिसरों में विशेष ‘शिकायत एवं सुझाव पेटियां’ (ड्रॉप बॉक्स) स्थापित की गईं। इन माध्यमों से छात्र गोपनीय रूप से अपनी शिकायतें और सूचनाएं प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।

चौथे चरण में लगभग 10 हजार से अधिक लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के तहत 150 छात्र स्वयंसेवकों और 75 शिक्षक योद्धाओं (टीचर वॉरियर्स) का चयन किया गया, जो भविष्य में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जागरूकता कार्यक्रमों के अंतर्गत भीलवाड़ा के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और शैक्षणिक परिसरों में एनडीपीएस कानून से संबंधित क्विज प्रतियोगिताएं, पोस्टर निर्माण और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित भी किया गया। इसके अलावा ‘दर्पण कला मंच’ द्वारा नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को गहराई से प्रभावित किया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर प्रशासन के साथ मिलकर भीलवाड़ा और पूरे राजस्थान को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया तथा नशे से दूर रहने की सामूहिक शपथ ग्रहण की। यह अभियान युवाओं को सुरक्षित भविष्य की ओर प्रेरित करने और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story