केंद्र सरकार की नीतियों तथा नीट पेपर लीक प्रकरण के विरोध में सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सहाड़ा के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड से उपखंड कार्यालय तक पैदल मार्च निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उपखंड अधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा युवाओं के हितों की रक्षा की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व विधानसभा प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी एवं महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति उपाध्याय ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिला कांग्रेस की सदस्याएं मौजूद रहीं। रैली बस स्टैंड से शुरू होकर मुख्य बाजार के विभिन्न मार्गों से होती हुई उपखंड कार्यालय पहुंची। पूरे मार्ग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारे लगाए और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाए रखने में विफल रही है। नेताओं ने कहा कि युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।

इसके बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों को कठोर सजा दिलाने, परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों पर पुनर्विचार करने की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखते हुए कहा कि यदि युवाओं एवं आम जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस भविष्य में भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सोहनलाल जाट, नेता शंकरलाल जाट, विष्णु सुवालका, श्याम पुरोहित, मुकेश चंदेल, नगरपालिका अध्यक्ष दिनेश चंद्र तेली, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गहलोत, एनएसयूआई प्रदेश सचिव नवरत्न बैरवा, सत्यनारायण शर्मा, सज्जन देवी बैरवा, शमशुद्दीन रंगरेज, पार्षद राकेश व्यास, बंशीलाल रैगर, प्रह्लाद राय गहलोत, शब्बीर मोहम्मद सिंधी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Story