मंगरोप पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डोडा चूरा तस्करी में एस्कॉर्ट करने वाला आरोपी शोभालाल गिरफ्तार
मंगरोप पुलिस ने डोडा चूरा तस्करी मामले में वांछित शोभालाल जाट को गिरफ्तार किया। 27.228 किलो डोडा चूरा बरामदगी के बाद जांच जारी है।

भीलवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगरोप थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जून माह में पकड़ी गई डोडा चूरा की खेप के मामले में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी शोभालाल उर्फ शोबू पुत्र रामेश्वर लाल जाट (25), निवासी बन का खेड़ा, पुलिस थाना बड़लियास, जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मादक पदार्थ की सप्लाई लेने के साथ खेप को एस्कॉर्ट करने का काम कर रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के आदेशानुसार अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश आर्य के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री अंजली सिंह के निकटतम सुपरविजन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।
मामले के अनुसार, 24 जून 2026 को बड़लियास थानाधिकारी जसवंत सिंह मय पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध आई-20 कार को रुकवाकर तलाशी ली थी। कार में सवार आरोपी हर्षित पारीक पुत्र देवेंद्र कुमार पारीक (21), निवासी नंदराय, थाना कोटड़ी और आर्यन चावरिया पुत्र राजकुमार चावरिया (20), निवासी मानपुरा, थाना मांडलगढ़ के कब्जे से दो प्लास्टिक के कट्टों में कुल 27.228 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद किया गया था।
इस कार्रवाई के संबंध में बड़लियास थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण संख्या 147/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
अनुसंधान के दौरान सामने आया कि बरामद डोडा चूरा की डिलीवरी आरोपी शोभालाल उर्फ शोबू पुत्र रामेश्वर लाल जाट (25), निवासी बन का खेड़ा, पुलिस थाना बड़लियास को दी जानी थी और वही इस खेप की एस्कॉर्टिंग कर रहा था। इसके बाद पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार जुटी रही।
पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर 22 अगस्त 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी शोभालाल जाट को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। डोडा चूरा तस्करी के इस मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच अब मादक पदार्थों की सप्लाई और उससे जुड़े नेटवर्क तक पहुंचने पर केंद्रित है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
