भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र में रात्रि के समय घर में घुसकर दंपति के साथ मारपीट करने और जेवरात व नकदी लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मांडलगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मांडलगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुल 9 स्थानों पर चोरी, नकबजनी और लूट की वारदातें करना स्वीकार किया है।

घटना 25-26 जून 2026 की मध्य रात्रि की है। लाडपुरा हाल अमरतिया (मांडलगढ़) निवासी 51 वर्षीय शांतिलाल शर्मा पुत्र बंशीलाल शर्मा अपनी पत्नी प्रेम देवी के साथ खेत पर बने मकान में सो रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात बदमाश घर के अंदर घुस आए। शांतिलाल के जागने पर आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उनके सिर से खून बहने लगा। इसके बाद बदमाशों ने उनकी पत्नी को डरा-धमकाकर कान के सोने के टोप्स (आधा तोला), सोने का मंगलसूत्र (आधा तोला) और चांदी की पायजेब (100 ग्राम) जबरन खुलवा लिए। आरोपियों ने घर में रखा सोने का मांदलिया, चांदी की छोटी पायजेब और जेब में रखे 200 रुपये नकद भी लूट लिए तथा मौके से फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना मांडलगढ़ में मुकदमा नंबर 169/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर राणा (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश आर्य के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी मांडलगढ़ योगेश शर्मा के सुपरविजन में मांडलगढ़ थाना पुलिस और डीएसटी टीम की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण तथा आसूचना संकलन के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

सघन पूछताछ के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल नैनक्या उर्फ सूरज पुत्र रामपाल कंजर (25) तथा अर्जुन लाल पुत्र राधेश्याम कंजर (32), दोनों निवासी चिताबड़ा, थाना बिजोलिया, को डिटेन कर बापर्दा गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों रामा उर्फ रामलिया उर्फ रामदेव कंजर निवासी पालका तथा बाबू कंजर निवासी चंदा खेड़ी के साथ मिलकर कुल 9 स्थानों पर वारदात करना स्वीकार किया है।

आरोपियों ने मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के अमरतिया, श्यामगढ़, मोहनपुरा, तालाब का झोपड़ा, गेणोली, रात्या खेड़ा और टहला इलाके में, मांडल/बागोर थाना सर्कल में एक स्थान पर तथा डाबी (जिला बूंदी) में एक स्थान पर चोरी, नकबजनी और लूट की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन अनुसंधान कर रही है और उनके फरार साथियों की तलाश जारी है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story