माण्डल थाना क्षेत्र के संतोकपुरा में हुई एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक युवक की जान चली गई। त्वरित कार्रवाई, तकनीकी विश्लेषण और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंचकर मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार मध्य प्रदेश के झाबुआ निवासी हितेश उर्फ गोलू और रतलाम निवासी अंकित पीटर उर्फ किटू माण्डल क्षेत्र में रहकर मजदूरी का कार्य करते थे। 8 जून 2026 को मजदूरी के भुगतान को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कहासुनी बढ़ने पर अंकित पीटर ने हितेश पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल हितेश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और सनसनी का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुधराज (सहाड़ा) के निर्देशन तथा उपाधीक्षक राहुल जोशी (माण्डल वृत) के पर्यवेक्षण में विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।

हत्या के बाद आरोपी अंकित पीटर उर्फ किटू पुत्र अशोक पीटर, निवासी रतलाम (मध्य प्रदेश) तथा वर्तमान में संतोकपुरा रोड, माण्डल स्थित किराए के मकान में रह रहा था, फरार होने की तैयारी में था। पुलिस ने घटनास्थल पर मोबाइल फॉरेंसिक और स्पेशल मोबाइल अनुसंधान टीम की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए। तकनीकी विश्लेषण और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात को स्वीकार कर लिया।

इस कार्रवाई को माण्डल थानाधिकारी रोहिताश्व यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक शरीफ मोहम्मद, उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र सहित माण्डल और भीमगंज थाना पुलिस के कई अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस की समन्वित और त्वरित कार्रवाई के चलते हत्या का यह मामला एक दिन के भीतर उजागर हो सका।

यह कार्रवाई न केवल पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच क्षमता को दर्शाती है, बल्कि अपराधियों के लिए एक स्पष्ट संदेश भी है कि गंभीर अपराधों में शामिल व्यक्तियों को कानून से बचने का अवसर नहीं मिलेगा। माण्डल पुलिस की इस सफलता ने हत्या के मामले में त्वरित अनुसंधान और प्रभावी पुलिसिंग का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story