मंगरोप में विधायक भड़ाणा ने फहराया तिरंगा, बोले- मजबूत नेतृत्व से देश सुरक्षित
मंगरोप के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर विधायक उदयलाल भड़ाणा ने ध्वजारोहण किया। समारोह में उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए मजबूत नेतृत्व और देश की सुरक्षा पर विचार रखे।

तस्वीर में मांडल विधायक उदयलाल भड़ाणा मंगरोप के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मंच पर माइक से संबोधन देते हुए नजर आ रहे हैं।
मांडल विधानसभा क्षेत्र के मंगरोप मंडल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि मांडल विधायक उदयलाल भड़ाणा रहे। उन्होंने विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
विधायक प्रवक्ता कमलेश सिंह गुढ़ा ने बताया कि 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक उदयलाल भड़ाणा ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को नमन किया।
विधायक भड़ाणा ने केंद्र सरकार के सशक्त नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज देश में एक मजबूत और निर्णायक सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मजबूत नेतृत्व के कारण दुश्मन देश भी खौफ खाते हैं और भारत का मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है।
समारोह के दौरान विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों की ओर से विधायक उदयलाल भड़ाणा का साफा पहनाकर और माला पहनाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
