राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा भीलवाड़ा इकाई की ओर से शहर के पास पुर स्थित घाटी के बालाजी प्रांगण में सक्रिय सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में माली समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने, समाज को सकारात्मक दिशा देने, शिक्षा के प्रसार और राजनीतिक जागृति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान माली समाज को 12 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग का मुद्दा प्रमुख रूप से छाया रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा के प्रदेश महामंत्री गोपाललाल माली ने कहा कि समाज में सुधार और विकास के लिए सभी लोगों को एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि समाज में राजनीतिक जागृति के साथ शिक्षा का उजाला फैलाना जरूरी है, जिससे आने वाली युवा पीढ़ी की राहें आसान हो सकें।

गोपाललाल माली ने कहा कि सबसे पहले समाज के लोगों को अपनी शक्ति पहचानने की आवश्यकता है, इसके बाद सुधार और समाज का विकास स्वतः होने लगेगा। उन्होंने कहा कि आज का युवा जागरूक हो चुका है और अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना ही नहीं जानता, बल्कि जरूरत पड़ने पर चक्का जाम भी कर सकता है।

माली (सैनी) महासभा के जिला अध्यक्ष भैरूलाल माली की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि युवा सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, तभी माली समाज का भला संभव है। महासभा के प्रदेश मंत्री हरनारायण माली और माली (सैनी) समाज अधिकारी कर्मचारी संस्थान के जिलाध्यक्ष तोताराम माली ने समाज के लोगों से संगठित होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।

महासभा के जिला महामंत्री सत्यनारायण माली ने बताया कि बैठक में माली समाज को 12 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग को लेकर कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राजस्थान के सभी समाजों के साथ न्याय करते हुए उन्हें उनका हक दिया है, उसी तरह माली समाज को भी 12 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग पर गंभीरता से विचार कर इसे पूरा किया जाना चाहिए।

बैठक में महासभा के सदस्यता अभियान का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। इसके साथ ही समाज में फैली विभिन्न कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा, सामाजिक सुधार, राजनीतिक जागृति और व्यापार से जुड़े समाज हित के निर्णयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश माली सैनी महासभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार माली, शंकर लाल गोयल, लाल राम माली, नानुराम गोयल, देवी लाल माली, पवन सैनी, नारायण माली, भेरू लाल माली, आयुष सैनी, महावीर माली, कालू माली, स्याम लाल माली सहित महासभा के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story