आगामी नगर निगम एवं नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर माली (सैनी) महासभा ने प्रमुख राजनीतिक दलों से समाज के योग्य प्रत्याशियों को अधिक से अधिक टिकट देने की मांग उठाई है। राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा के प्रदेश महामंत्री गोपाल लाल माली के नेतृत्व में महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष जीपी खटीक और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा को मांग पत्र सौंपा।

प्रदेश महामंत्री गोपाल लाल माली ने बताया कि आगामी माह होने वाले नगर निगम एवं नगर निकाय चुनाव 2026 में भीलवाड़ा शहर सहित उन नगर निकायों में, जहां माली समाज की आबादी अधिक है, समाज के प्रत्याशियों को टिकट देने की मांग प्रमुख राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों से की गई है।

माली (सैनी) महासभा के जिलाध्यक्ष भैरू लाल माली ने कहा कि पिछले नगर परिषद चुनाव में राजनीतिक दलों द्वारा समाज की अनदेखी की गई थी और समाज के केवल 1-2 व्यक्तियों को ही टिकट दिए गए। इससे समाज में भारी रोष व्याप्त हुआ। इसके बाद जहां-जहां माली समाज बाहुल्य क्षेत्र था, वहां समाज ने निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में उतारे और उन्हें जीत दिलाई। वहीं, अन्य वार्डों में भी समाज ने पार्टी प्रत्याशियों के विरुद्ध मतदान कर निर्दलीय उम्मीदवारों को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि इस बार भी यदि माली समाज के योग्य प्रत्याशियों को प्राथमिकता के आधार पर टिकट नहीं दिए गए तो महासभा अपने स्तर पर 36 कौमों को साथ लेकर निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतारेगी।

राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों को सौंपे गए मांग पत्र में माली समाज बाहुल्य क्षेत्रों के विशेष रूप से वार्ड संख्या 1, 15, 34, 37, 38, 56 और 59 में माली समाज के प्रत्याशियों को ही टिकट देने की मांग की गई है।

इस अवसर पर महासभा के प्रतिनिधिमंडल में जिला मंत्री मुरलीधर सैनी, फूले सेवा संस्थान के कोषाध्यक्ष शंकर लाल गोयल, युवा महासभा के राजकुमार गोयल, कालूराम माली, लालाचंद माली, नानूराम गोयल, लादू लाल माली, बबलू माली, शंभू बुलिवाल सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। महासभा की इस मांग से आगामी नगर निगम एवं नगर निकाय चुनाव में माली समाज के प्रत्याशियों को टिकट देने का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story