माहेश्वरी समाज की ऐतिहासिक जड़ों, सांस्कृतिक विरासत और पौराणिक उत्पत्ति को समर्पित शोधपरक फिल्म ‘माहेश्वरी वंशोदय’ का भव्य विमोचन आगामी 22 जून को भीलवाड़ा स्थित रामेश्वरम भवन में किया जाएगा। समाज के इतिहास को नई पीढ़ी तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार की गई यह फिल्म समाज में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

श्रीनगर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष केदार मल जागेटिया ने बताया कि समाजसेवी एवं शोधकर्ता चंद्र मोहन शारदा द्वारा निर्मित यह 20 मिनट की शोधपरक फिल्म माहेश्वरी समुदाय की उत्पत्ति से जुड़ी पौराणिक मान्यताओं, महाभारत कालीन संदर्भों तथा भगवान महेश से संबंधित कथाओं और ग्रंथों के सार को समाहित करती है। आधुनिक एआई तकनीक के माध्यम से निर्मित इस फिल्म में मंदिरों, राजप्रासादों और ऐतिहासिक परिवेश को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

उन्होंने बताया कि फिल्म का विमोचन महेश नवमी की पूर्व संध्या पर 22 जून 2026, सोमवार को रात्रि 8:15 बजे हरनी महादेव रोड स्थित रामेश्वरम भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। इस अवसर पर समाज के भामाशाह ज्योति कुमार माहेश्वरी द्वारा फिल्म का विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम में महासभा के पूर्व सभापति रामपाल सोनी, समाजसेवी एवं भामाशाह निर्मल मूंदड़ा सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।

सभा के मंत्री सुरेश बिड़ला एवं कार्यक्रम प्रभारी सुनीत जागेटिया ने बताया कि फिल्म का विशेष प्रदर्शन हास्य हंगामा (कवि सम्मेलन) कार्यक्रम से पूर्व किया जाएगा। उन्होंने समाजजनों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व, रात्रि 8 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपना स्थान सुनिश्चित करें।

माहेश्वरी समाज की सांस्कृतिक पहचान, ऐतिहासिक विरासत और परंपराओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत करने वाली यह फिल्म समाज के इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story