महात्मा गांधी चिकित्सालय, भीलवाड़ा में लगातार सामने आ रही चिकित्सकीय लापरवाही और प्रसूताओं की मौत के मामलों को लेकर मंगलवार को सर्व समाज के बैनर तले जिला कलेक्टर कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। सर्व समाज के प्रतिनिधियों और मृतक परिवारों ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की। साथ ही दोषी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा प्रत्येक परिवार के एक आश्रित को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सर्व समाज के प्रतिनिधियों रितेश गुर्जर, राघव कोठारी, पवन त्रिपाठी, सिद्धार्थ पाराशर, चन्द्रवीर सिंह कानावत, सुरेश गुर्जर, कैलाश जीनगर, नरेश ओझा, पुष्पेंद्र ओझा, राजेन्द्र सुखवाल, यश चतुर्वेदी, अक्षय सेन, कुलदीप शर्मा एवं दीपेश सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान चिकित्सकीय लापरवाही के कारण जान गंवाने वाली पांचों महिलाओं फोरी देवी, ईशा पांडे, दिव्या सेन, संगीता जीनगर और शिमला देवी गुर्जर के परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मृतक परिवारों की ओर से लोकेश सेन, मनीष पांडे, दीपक पांडे, अंकित पांडे, नेहा पांडे, प्रेमलता पांडे, राजू सेन, सत्यनारायण सेन, गोपाल नीलमणि, प्रहलाद सेन, महावीर निम्बाड़ा एवं प्यार सेन (बांसवाड़ा) सहित अन्य परिजनों ने प्रशासन के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।

सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकारी अस्पताल आमजन के जीवन का सबसे बड़ा भरोसा होते हैं, लेकिन यदि वहीं लगातार चिकित्सकीय लापरवाही के कारण माताओं की मौत हो रही है तो यह केवल एक अस्पताल की लापरवाही नहीं, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र की गंभीर विफलता है। उनका कहना था कि दोषी चाहे किसी भी पद पर हों, उन्हें कानून के दायरे में लाकर कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को ऐसी असहनीय पीड़ा का सामना न करना पड़े।

ज्ञापन में अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी रोस्टर, केस शीट, ऑपरेशन रिकॉर्ड और अन्य चिकित्सा अभिलेख सुरक्षित रखने, पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अस्पताल की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल की गई।

सर्व समाज ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की गई तथा पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला, तो पूरे जिले में लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की होगी। सर्व समाज ने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष केवल पांच परिवारों को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में किसी भी माँ की जान चिकित्सकीय लापरवाही के कारण न जाए, यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story