भीलवाड़ा। स्थानीय श्री बाबाधाम शक्तिपीठ पर महामंडलेश्वर श्री बाबूगिरी जी महाराज के आगमन पर एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें महाराज श्री ने माताजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस गरिमामय अवसर पर शक्तिपीठ के अध्यक्ष व परम श्रद्धेय गुरुवर विनीत अग्रवाल ने महामंडलेश्वर जी का शॉल ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर और मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया। श्रीफल भेंट कर बधाई देते हुए विनीत अग्रवाल ने हर्ष व्यक्त किया कि आपके महामंडलेश्वर बनने से भक्तों में अपार उत्साह है और आपके मार्गदर्शन में सनातनी कार्य निरंतर उत्तरोत्तर विकास की ओर अग्रसर होंगे। इस दौरान महंत मण्डल के पंडित शिवजी जोशी, पंडित योगेन्द्र शर्मा एवं पंडित गोविन्द गोतम ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न करवाई और महामंडलेश्वर को दर्शन लाभ दिलवाते हुए उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए बाबाधाम के महामंत्री बाबूलाल टांक ने बताया कि महामंडलेश्वर जी के सानिध्य में मेवाड़ अंचल की धार्मिक नगरी भीलवाड़ा में श्री शिवमहापुराण कथा सानंद संपन्न हुई है, जिसके लिए संपूर्ण बाबा धाम परिवार उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करता है। उन्होंने आगामी कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान में 'गोसेवा सम्मान अभियान' के अंतर्गत हस्ताक्षर एवं मिस्ड कॉल अभियान प्रगति पर है। इसी क्रम में गौ माता को 'राष्ट्र माता' घोषित करवाने की मांग को लेकर 27 अप्रैल, 2026 को प्रातः 9 बजे राजेन्द्र मार्ग विद्यालय से संतों-महंतों के सानिध्य में हरि कीर्तन के साथ एक विशाल जनसमूह प्रस्थान करेगा और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सैकड़ों भक्तों की उपस्थिति में प्रार्थना-पत्र सौंपा जाएगा।

मीडिया प्रभारी राजेश नैनावटी ने महामंडलेश्वर के पूर्व के सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके सानिध्य में हनुमान महोत्सव पर उड़ते हनुमान जी के दर्शन तथा लेटे हुए सांवरिया हनुमान जी को भारत भ्रमण करवाकर कारोई में स्थापित करने जैसे ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुए हैं। साथ ही, भीलवाड़ा में जल संकट के समय महाराज श्री द्वारा सैकड़ों पानी की लारियां उपलब्ध करवाकर जनसेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया गया था। इस दौरान लोकेश अग्रवाल, पवन अग्रवाल एवं समस्त बाबा धाम परिवार ने महाराज श्री का भावभीना अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया, वहीं महामंडलेश्वर श्री बाबूगिरी महाराज ने इस अपार प्रेम और स्नेह के लिए सभी का हृदय से धन्यवाद किया। यह आयोजन न केवल धार्मिक उल्लास का प्रतीक बना, बल्कि गौ सेवा और सनातन धर्म के उत्थान के संकल्प को भी सुदृढ़ कर गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story