शहर की सीमा से महज दो किलोमीटर दूर और नगर विकास न्यास (यूआईटी) की पैराफेरी क्षेत्र में आने वाला माधोपुर गांव मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। प्रशासनिक अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को हरणी महादेव के पास भीलवाड़ा-मंगरोप मुख्य मार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी हनुमान सिंह चौधरी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद जाम खुलवाया।

ग्राम पंचायत भोली, पंचायत समिति सुवाणा और मांडल विधानसभा क्षेत्र में शामिल माधोपुर गांव में करीब 150 मकान हैं। गांव की आबादी 750 तथा मतदाताओं की संख्या 460 है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की उपेक्षा के कारण गांव में नारकीय हालात बने हुए हैं। गांव में न पक्की सड़कें हैं, न नालियां, न रोड लाइट और न ही समुचित शौचालय।

बारिश के बाद पूरे गांव में घुटनों तक कीचड़ जमा हो गया है। प्राथमिक स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों को इसी कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। घरों के बाहर फैले कीचड़ और पनपते मक्खी-मच्छरों के कारण गांव में महामारी फैलने का भयंकर अंदेशा बना हुआ है।

लगातार उपेक्षा से नाराज ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने हरणी महादेव के पास मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित महिलाओं ने पुलिस की तीन गाड़ियों में जबरन डेरा डाल दिया। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिलाओं को वाहनों से नीचे उतारा।

ग्रामीणों की मांग पर प्रशासनिक अमला माधोपुर गांव पहुंचा और मौके पर हालात का जायजा लिया। तहसीलदार दिनेश साहू, यूआईटी एक्सईएन रोहित कुमार, एईएन एवं जेईएन गोपाल धाकड़ तथा रुचि अग्रवाल, राजस्व विभाग से गिरदावर उगम चंद सिंगारिया, पटवारी अनीता सोलंकी और गोपालकृष्ण बिश्नोई सहित अन्य अधिकारियों ने गांव में व्याप्त बदहाली का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को सड़क, नाली और अन्य समस्याओं के जल्द से जल्द निराकरण का लिखित एवं मौखिक आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। प्रदर्शन के दौरान गोपाल जाट, राजू जाट, भंवर जाट, शिवराज जाट, रामलाल जाट, शंकर भील, जमनालाल जाट, विशाल जाट, देवीलाल जाट, प्रभु जाट, राजू बारेठ, चांदी देवी जाट, कृष्णा देवी जाट, कुसुम जाट और रामू देवी जाट सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं के समाधान के लिए जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। माधोपुर में सड़क, नाली, रोशनी और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों का यह विरोध प्रशासन के समक्ष तत्काल समाधान की मांग को स्पष्ट रूप से सामने लाता है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story