गौ माताओं के चारे की व्यवस्था के लिए आगे आए समाजसेवी, 200 गायों को गोद दिलाने का रखा गया लक्ष्य
भीलवाड़ा स्थित माधव गो विज्ञान अनुसंधान संस्थान ने गौ माताओं के चारे और देखरेख के लिए गाय गोद लेने का अभियान तेज किया है। इस वर्ष 200 गायों को गोद दिलाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए समाज से सहयोग की अपील की गई है।

गौ सेवा और संरक्षण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से परम पूज्य माधव गो विज्ञान अनुसंधान संस्थान, नौगांवा द्वारा संचालित गौशाला में गाय गोद लेने (गो-ग्रास सेवा) अभियान को गति दी जा रही है। संस्थान ने आमजन से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने और गौ माताओं के चारे तथा बेहतर देखरेख की व्यवस्था के लिए सहयोग करने की अपील की है।
संस्थान के प्रवक्ता गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि मनुष्य अपने जीवन में सुख-सुविधाओं, उत्तम भोजन और बेहतर आवास की व्यवस्था तो कर लेता है, लेकिन समाज को वर्षभर निस्वार्थ भाव से अपना सर्वस्व प्रदान करने वाली गौ माताओं के प्रति भी प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व बनता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गौशाला में चारे की समुचित व्यवस्था और प्रबंधन के लिए समाज के सहयोग की विशेष आवश्यकता है।
प्रवक्ता सोडाणी के अनुसार, तीन वर्ष पूर्व गोपाष्टमी के पावन पर्व से संस्थान ने गाय गोद लेने की इस विशेष योजना की शुरुआत की थी। जनसहयोग और गौभक्तों की सहभागिता के चलते प्रत्येक वर्ष लगभग 50 से 60 गायों को गोद दिलाया जा रहा है। इस वर्ष संस्थान ने अभियान को और व्यापक बनाते हुए 200 गौ माताओं को गोद दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिससे गौशाला में चारे और देखभाल की व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
इस अभियान की शुरुआत के साथ ही कई भामाशाहों ने भी सहयोग का हाथ बढ़ाया है। सेवा कार्य में योगदान देते हुए श्री अर्जुन रेड्डी (सिक्योरिटी वाला) ने 11 हजार रुपये, श्री राधे सिल्क मिल ने 11 हजार रुपये तथा श्री बनवारी लाल मुरारका ने 11 हजार रुपये की सहयोग राशि समर्पित की है।
संस्थान ने समस्त गो-भक्तों, समाजसेवियों और दानदाताओं से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है। संस्थान का मानना है कि समाज की सहभागिता से न केवल गौ माताओं के चारे की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी, बल्कि गौ संरक्षण और सेवा की परंपरा को भी नई मजबूती मिलेगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
