भीलवाड़ा के कोटड़ी थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लोडिंग टैंपो से 63 किलो 960 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया। पुलिस को आता देख चालक टैंपो को लावारिस छोड़कर झाड़ियों और गलियों का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डोडा-चूरा, लोडिंग टैंपो और एक मोबाइल फोन जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है।

कोटड़ी थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि एसपी सागर राणा के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार सुबह 7 बजे पुलिस टीम ने कोटड़ी के आउटर एरिया में ‘भीलों का झोंपड़ा’ जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर रखी थी।

नाकाबंदी के दौरान उदयपुर नंबर का एक संदिग्ध लोडिंग टैंपो पुलिस को आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्काल टैंपो का पीछा किया। कुछ ही दूरी पर ‘भीलों के झोंपड़े’ के पास चालक टैंपो को बीच राह में छोड़कर झाड़ियों और गलियों का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

पुलिस ने लावारिस मिले लोडिंग टैंपो की तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक के 3 कट्टों में 63 किलो 960 ग्राम डोडा-चूरा भरा मिला। पुलिस ने मौके से डोडा-चूरा, लोडिंग टैंपो और चालक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया।

फरार ड्राइवर की पहचान और तलाश के लिए पुलिस ने टीमें गठित की हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह के साथ एएसआई गोपाल लाल, कांस्टेबल मोती जाखड़, हेमराज चौधरी और मुकेश जांगिड़ शामिल रहे। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story