पहाड़ा में वरिष्ठ नागरिक दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर, अधिकारों की दी जानकारी
खेरवाड़ा के पहाड़ा में वरिष्ठ नागरिक दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित हुआ। वरिष्ठ नागरिकों को भरण-पोषण अधिनियम 2007, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा, विधिक सहायता और नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई।

तस्वीर में ग्राम पंचायत पहाड़ा स्थित लोक शिक्षा केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में बैठे ग्रामीण और वरिष्ठजन नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के निर्देशानुसार वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर गुरुवार को ग्राम पंचायत पहाड़ा स्थित लोक शिक्षा केंद्र में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन तालुका विधिक सेवा समिति खेरवाड़ा के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायालय के न्यायाधीश डॉ. जगदीश कुन्तल के निर्देशन में किया गया।
शिविर में तालुका विधिक सेवा समिति खेरवाड़ा के पीएलवी चन्दूलाल मेघवाल ने वरिष्ठ नागरिकों को माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत उनके अधिकारों एवं हकदारियों की जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के सामाजिक, शारीरिक एवं आर्थिक संरक्षण, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, भरण-पोषण, विधिक सहायता एवं शिकायत निवारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
पीएलवी चन्दूलाल मेघवाल ने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न योजनाओं एवं विधिक सहायता का अधिकतम लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम में खड़क अरावली मजदूर निर्माण संगठन के समन्वयक नन्दलाल गर्ग, विद्युत विभाग से सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर नारायण लाल सालवी, भारतीय डाक विभाग से सेवानिवृत्त प्रवर अधीक्षक गुलाबचंद मेघवाल एवं सीनियर नर्सिंग ऑफिसर लक्ष्मण डागर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर समाजसेवी रामदास सालवी, बैंक बीसी रीना गरासिया, महिला सुरक्षा सखी रमीला मेघवाल, सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर पूजालाल तीरगर सहित विभिन्न ग्राम पंचायत क्षेत्रों से आए वरिष्ठजन उपस्थित रहे। वरिष्ठजनों का पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
शिविर में ‘हमारी शिक्षा, हमारा ज्ञान, वरिष्ठ नागरिकों का हो सम्मान’ और ‘वरिष्ठ नागरिक हैं अनुभव की खान, इनको दें प्यार और सम्मान’ जैसे संदेशों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
उक्त जानकारी तालुका विधिक सेवा समिति खेरवाड़ा के सचिव महेश कुमार मीणा ने दी।

