योग निद्रा के माध्यम से असाध्य रोगों के उपचार का संदेश, महेश भवन में आज होगा विशेष योग सत्र
भीलवाड़ा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग शिविर में साधकों को योग निद्रा का विशेष अभ्यास कराया गया। विशेषज्ञों ने इसके स्वास्थ्य लाभ बताए, जबकि महेश भवन में विशेष योग सत्र की तैयारी पूरी हो चुकी है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास एवं काशीपुरी वकील कॉलोनी महेश समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित योग शिविर में शनिवार को साधकों को ‘योग निद्रा’ का विशेष अभ्यास कराया गया। शिविर में योग विशेषज्ञों ने योग निद्रा की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत प्रभावी साधना बताया।
योगाचार्य उमाशंकर ने कहा कि योग निद्रा ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें साधक चेतन अवस्था में रहते हुए प्रशिक्षक के निर्देशों का अनुसरण करता है और मन की गहराइयों तक पहुंचने का प्रयास करता है। उन्होंने बताया कि आचार्य महाप्रज्ञ द्वारा विश्लेषित इस पद्धति का नियमित अभ्यास कई जटिल एवं असाध्य रोगों के उपचार में सहायक माना जाता है। योगाचार्य ने कहा कि वर्तमान समय में संपूर्ण विश्व योग के महत्व को स्वीकार कर रहा है और योग निद्रा जैसी विधाएं मानसिक तनाव, शारीरिक विकारों तथा जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए समिति के सचिव गोविन्द प्रसाद सोडाणी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून (रविवार) को काशीपुरी वकील कॉलोनी स्थित महेश भवन में प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक विशेष योग कक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस सत्र में क्षेत्र के सभी नागरिक भाग ले सकेंगे।
उन्होंने प्रतिभागियों से योगाभ्यास के लिए अपने साथ दरी अथवा योग मैट (आसन) लाने का आग्रह किया है। साथ ही बताया कि योग शिविर में प्रवेश प्रक्रिया अभी भी जारी है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस स्वास्थ्यवर्धक पहल का लाभ उठा सकें।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह विशेष आयोजन न केवल योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए समाज को प्रेरित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
