काशीपुरी धाम श्री श्याम मंदिर में एकादशी पर भव्य संकीर्तन महोत्सव आयोजित
इंदौर की भजन गायिका अद्विती तापड़िया की प्रस्तुति के साथ पुजारी रूपेंद्र शुक्ला और रवि पंडित ने बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया।

काशीपुरी धाम स्थित श्री श्याम मंदिर में बैशाख एकादशी के अवसर पर आयोजित भजन संध्या के दौरान बाबा श्याम की भक्ति में डूबे श्रद्धालु।
काशीपुरी धाम स्थित श्री श्याम मंदिर में एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित भव्य श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर भक्ति रस में डूब गया।
मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और पुष्पों से सुसज्जित किया गया। बाबा श्याम का अद्भुत एवं मनमोहक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। यह अलौकिक श्रृंगार पुजारी रूपेंद्र शुक्ला एवं रवि पंडित द्वारा अत्यंत भक्ति भाव से किया गया, जिसे देखकर भक्तगण भाव-विभोर हो उठे।
कार्यक्रम की शुरुआत सायं 7:15 बजे भजन संध्या से हुई। प्रसिद्ध भजन गायिका अद्विती तापड़िया (इंदौर) ने मधुर श्याम भजनों की प्रस्तुति दी। “हारे के सहारे” और “श्याम तेरी बंशी पुकारे” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और वातावरण पूर्णतः श्याममय हो गया।
श्री श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष सुरेश पोद्धार ने बताया कि एकादशी के अवसर पर हर माह विशेष आयोजन किया जाता है, लेकिन बैशाख माह होने के कारण इस बार का संकीर्तन विशेष रूप से भव्य रहा। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति सौभाग्यपूर्ण है।
मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करना और लोगों को भक्ति मार्ग से जोड़ना है। उन्होंने सभी सहयोगकर्ताओं, भजन मंडली और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
एकादशी के महत्व पर विद्वानों ने बताया कि ग्यारस का दिन भगवान विष्णु एवं उनके अवतारों की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दिन व्रत, भजन-कीर्तन और दान-पुण्य करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है तथा मन की शांति और आध्यात्मिक उन्नति होती है।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। यह आयोजन काशीपुरी धाम को भक्ति और उल्लास के रंगों से सराबोर कर गया और बाबा श्याम के प्रति बढ़ती श्रद्धा और आस्था को पुनः स्थापित कर गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
