भीलवाड़ा में गर्दन पर वार कर तरबूज भरा टेम्पो लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार
भीलवाड़ा में टेम्पो चालक पर हमला कर तरबूज लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने 150 सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार किया।

जिले के कारोई थाना पुलिस ने टेम्पो चालक पर जानलेवा हमला कर तरबूज से भरा टेम्पो और मोबाइल लूटने के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी नारू उर्फ नारायण बैरवा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता और 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आरोपी तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसमें दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
कारोई थानाधिकारी सियाराम ने बताया कि 28 मई 2026 को दौलपुरा निवासी 22 वर्षीय बबलू गुर्जर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 25 मई को राशमी निवासी नारायण लाल बैरवा ने बबलू का टेम्पो 1000 रुपये किराये पर लिया था।
आरोपी ने टेम्पो में भरे 30 क्विंटल तरबूज को किसी फार्म हाउस पर पहुंचाने की बात कही थी। जब चालक बबलू बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां कोई फार्म हाउस नहीं मिला। इसके बाद बबलू ने टेम्पो वापस घुमाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान आरोपी नारायण ने बबलू की गर्दन पर किसी नुकीली चीज से दो वार कर दिए। हमले के बाद बबलू किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी नारायण तरबूज से भरा टेम्पो और बबलू का मोबाइल लेकर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। भीलवाड़ा एसपी सागर राणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सहाड़ा) बुद्धराज और डीएसपी (गंगापुर) सुदर्शन पालीवाल के सुपरविजन में कारोई थानाधिकारी सियाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने साइबर सेल भीलवाड़ा की तकनीकी सहायता ली। घटनास्थल और आरोपी के संभावित रास्तों के करीब 100 से 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने फुटेज के आधार पर रूट चार्ट तैयार किया और सूचना संकलन के बाद वांछित आरोपी नारायण को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब लूटे गए तरबूज से भरे टेम्पो और मोबाइल की बरामदगी के प्रयास कर रही है। गिरफ्तार आरोपी नारू उर्फ नारायण (31), पुत्र श्योराम उर्फ सवाईराम बैरवा, निवासी गेगपुरा, थाना राशमी (चित्तौड़गढ़) का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले भी दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर मामलों में प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस की कार्रवाई में तकनीकी जांच, सीसीटीवी निगरानी और सूचना तंत्र की मदद से वारदात का खुलासा हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
