भीलवाड़ा: श्री सांवरिया हनुमान मंदिर के छठे पाटोत्सव और मेले का आगाज
भीलवाड़ा के कारोई में लेटे हुए हनुमानजी के मंदिर में चार दिवसीय मेले का शुभारंभ हुआ, 11 मार्च को सुंदरकांड पाठ और छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा।

भीलवाड़ा के कारोई कस्बे में स्थित श्री सांवरिया हनुमान मंदिर में रविवार को महंत बाबूगिरीजी महाराज एवं अन्य अतिथियों द्वारा छठे पाटोत्सव मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया।
भीलवाड़ा, 8 मार्च। कारोई कस्बे में राजमार्ग पर स्थित श्री सांवरिया हनुमान मंदिर के छठे पाटोत्सव का आगाज रविवार सुबह चार दिवसीय भव्य मेले के उद्घाटन के साथ हो गया। यह आयोजन भक्ति और मनोरंजन के अनूठे संगम के रूप में क्षेत्र में विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
भक्ति और मनोरंजन के संगम के साथ मेले का शुभारंभ
मेले का शुभारंभ रविवार को मंदिर के महंत बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। ये राजस्थान का एक मात्र मंदिर है जहां लेटे हुए हनुमानजी की विशाल प्रतिमा स्थापित है। भक्ति के संग मनोरंजन का संगम लिए मेले का उद्घाटन कारोई के पंडित ओमप्रकाश व्यास एवं गांव के विशिष्टजनों एवं मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों की मौजूदगी में हुआ। उद्घाटन समारोह में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत श्री सांवरिया हनुमान मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नटराजसिंह कारोही एवं अन्य पदाधिकारियों व कारोहीवासियों ने दुपट्टा ओढ़ाकर किया।
आकर्षक साज-सज्जा और ग्रामीणों का उत्साह
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने लेटे हुए हनुमानजी की प्रतिमा का दर्शन करने के साथ पूजा अर्चना की तथा उन्होंने पाटोत्सव आयोजन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। पाटोत्सव के विशेष अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष साज-सज्जा एवं आकर्षक रोशनी की गई है। ग्रामीणों के मनोरंजन के लिए मेले में झूले चकरी आदि भी लगाए गए हैं और विभिन्न तरह की सामग्री की स्टॉलें भी सजाई गई हैं।
पाटोत्सव पर सुंदरकांड पाठ एवं छप्पन भोग का विशेष आयोजन
मंदिर के व्यवस्थापक शिव समदानी ने बताया कि "पाटोत्सव के मुख्य दिवस पर 11 मार्च को सुबह 10 बजे से श्री बालाजी सत्संग मण्डल द्वारा मंदिर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।" इसके पश्चात "दोपहर 12 बजे से छप्पन भोग एवं महाआरती का आयोजन होगा तथा पाटोत्सव समापन पर प्रसाद वितरण किया जाएगा।" कारोईवासियों एवं श्री सांवरिया हनुमानजी के भक्तों के सहयोग से होने वाले इस आयोजन को भव्यता प्रदान करने में सभी का सहयोग मिल रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
