भीलवाड़ा, 5 मार्च। जिले में लेटे हुए हनुमानजी की प्रतिमा वाले एकमात्र स्थल श्री सांवरिया हनुमान मंदिर कारोई का छठा पाटोत्सव 8 से 11 मार्च तक मंदिर के महन्त बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में आयोजित होगा। इस भव्य धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। श्री सांवरिया हनुमान मंदिर ट्रस्ट कारोई के पदाधिकारियों ने गुरुवार शाम भीलवाड़ा में संकटमोचन हनुमान मंदिर के महन्त बाबूगिरीजी महाराज की उपस्थिति में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान इस चार दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

भव्य भजन संध्या और मेले का शुभारंभ

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नटराजसिंह कारोही ने जानकारी देते हुए बताया कि छठे पाटोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले चार दिवसीय भव्य मेले का विधिवत उद्घाटन 8 मार्च को सुबह 10 बजे किया जाएगा। इसी दिन शाम 7.15 बजे से 'श्री श्याम बालाजी संकीर्तन' का आयोजन होगा, जिसमें चण्डीगढ़ के प्रख्यात भजन गायक कन्हैया मित्तल अपने भजनों की प्रस्तुति देंगे। उनके साथ भीलवाड़ा के सोनू विश्नोई एवं कानपुर की दीपांशी तिवारी भी श्री श्याम बालाजी की भक्ति से ओतप्रोत भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।

मुख्य आयोजनकर्ता और व्यवस्थाएं

इस संकीर्तन आयोजन के मुख्य आयोजनकर्ता रामनारायण अनिलकुमार अजमेरा परिवार (पहुना) एवं सहयोगी नारायण (पिंटू) मोदी परिवार हैं। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भारी उत्साह का माहौल है और समस्त ग्रामवासी इसे सफल बनाने में जुटे हुए हैं। भजन संध्या में हजारों श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना के दृष्टिगत प्रशासन और ट्रस्ट द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

संगीतमय सुंदरकांड और महाप्रसाद

मंदिर के व्यवस्थापक शिव समदानी ने बताया कि पाटोत्सव के मुख्य दिवस 11 मार्च को सुबह 10 बजे से श्री बालाजी सत्संग मण्डल द्वारा मंदिर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी और महाआरती का आयोजन होगा। पाटोत्सव के समापन पर सभी भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।

महन्त बाबूगिरीजी महाराज के आशीर्वचन

पत्रकार वार्ता में महन्त बाबूगिरीजी महाराज ने अपना आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि "कारोईवासियों एवं श्री सांवरिया हनुमानजी के भक्तों के सहयोग से होने वाले इस आयोजन को भव्यता प्रदान करने में सभी का सहयोग मिल रहा है। समाज के हर वर्ग के लोग इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग करने आगे आ रहे है।"

इस विशेष वार्ता के दौरान श्याम बालाजी संकीर्तन मित्र मंडल के सदस्य कुंदनगिरी गोस्वामी, संदीप जोशी, दीपक विजयवर्गीय, वैभव डांगी, प्रवीण सेन और मंदिर के मीडिया प्रभारी विकास त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित थे।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story