नाथद्वारा में भीलवाड़ा के युवक की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
नाथद्वारा में भीलवाड़ा के 30 वर्षीय युवक कैलाश ओड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने का दावा किया गया है।

तस्वीर में एक तरफ परिजन शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए नजर आ रहे हैं और दूसरी तरफ ग्रामीण व पुलिसकर्मी एकत्रित दिखाई दे रहे हैं।
भीलवाड़ा के एक मजदूर की राजसमंद जिले के नाथद्वारा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। मृतक की पहचान भीलवाड़ा के स्थानीय ओड़ो का खेड़ा निवासी कैलाश ओड (30) पुत्र पेमा ओड के रूप में हुई है। कैलाश पिछले करीब दो वर्षों से अपने ससुराल नाथद्वारा में रहकर लोडिंग टेंपो चलाने का काम कर रहा था।
मृतक के भाई मुकेश ओड ने मीडिया से बातचीत में अपने भाई की मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। मुकेश के अनुसार, परिजनों को दोपहर करीब 2 बजे फोन कर कैलाश को बस स्टैंड से ले जाने की बात कही गई थी। इसके बाद शाम करीब 8 बजे ससुराल पक्ष की ओर से, जिसमें पत्नी भी शामिल है, फोन कर कैलाश की सांसें थमने की सूचना दी गई।
परिजन जब शव को नाथद्वारा से भीलवाड़ा स्थित अपने घर लेकर पहुंचे और स्नान कराने की तैयारी करने लगे, तब कैलाश के शरीर पर दाग-धब्बे, जला हुआ पैर, कान से बहता खून और टूटी हुई गर्दन जैसे गंभीर चोटों के निशान दिखाई दिए। इसके बाद परिजनों ने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
परिजनों का आरोप है कि कैलाश की पत्नी, उसका साला और ससुराल के अन्य लोग उसे लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे। उनका कहना है कि कैलाश जब भी बीमार होता या काम पर नहीं जा पाता था, तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। कैलाश ने पहले भी परिजनों को फोन कर अपने साथ हो रहे अत्याचार के बारे में बताया था।
मृतक के परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय कोतवाली थाना पुलिस ने नाथद्वारा पुलिस को सूचना दी है। नाथद्वारा से पुलिस आने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कैलाश की संदिग्ध मौत को लेकर परिजन न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
