भीलवाड़ा: जीतो की नई कार्यकारिणी का 'समन्वय-2026' में पदस्थापन
जीतो अपेक्स चेयरमैन और सहकारिता मंत्री की मौजूदगी में भीलवाड़ा चैप्टर, लेडिज व यूथ विंग के पदाधिकारियों ने शपथ ली।

भीलवाड़ा के ओरियम रिसोर्ट में 'समन्वय-2026' समारोह के दौरान शपथ ग्रहण करते जीतो के नवनिर्वाचित पदाधिकारी।
भीलवाड़ा, 11 अक्टूबर। जैन समाज के आर्थिक सशक्तिकरण, शिक्षा, सेवा और सामाजिक प्रगति को गति देने में जुटे जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) के भीलवाड़ा चैप्टर, लेडिज विंग एवं यूथ विंग की नवगठित कार्यकारिणी का पदस्थापन एवं शपथ ग्रहण समारोह ‘समन्वय-2026’ रविवार को शहर के रीको क्षेत्र स्थित ओरियम रिसोर्ट में आयोजित हुआ। समारोह में जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी ने भीलवाड़ा चैप्टर के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे देशभर के अन्य चैप्टरों के लिए प्रेरणादायी बताया। राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक ने भी जैन समाज के आर्थिक सशक्तिकरण में जीतो की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
समारोह के दौरान जीतो के अपेक्स प्रेसीडेन्ट हिमांशु शाह ने जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के नवनिर्वाचित चेयरमैन डॉ. संपतलाल जैन, चीफ सेक्रेट्री अकिन चौधरी, जीतो लेडिज विंग की चेयरपर्सन नेहा नाहर, चीफ सेक्रेट्री निकिता पाटौदी, यूथ विंग के चेयरपर्सन प्रतीक बुलिया, चीफ सेक्रेट्री अभि जैन और उनकी टीम के सदस्यों को पदस्थापन के साथ शपथ दिलाई। सभी ने सेवा, शिक्षा, समाज की प्रगति और आर्थिक सशक्तिकरण के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी ने कहा कि जीतो अब पूरी दुनिया में जैन धर्म की पहचान कराने वाला विशेष संगठन बन चुका है। संगठन सेवा, शिक्षा और सामाजिक प्रगति के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। जीतो अपने सदस्यों और समाज के आर्थिक सशक्तिकरण एवं मजबूती के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। वहीं, श्रमण आरोग्यम जैसे प्रोजेक्ट के माध्यम से जैन समाज के हजारों साधु-संतों की सेवा के लिए भी समर्पित है। समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी संगठन लगातार प्रयास कर रहा है।
डांगी ने जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस चैप्टर ने अपने बेहतरीन कार्यों से पूरे देश में विशिष्ट छाप छोड़ी है और अन्य चैप्टरों के लिए प्रेरक की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने जीतो भीलवाड़ा चैप्टर की नई टीम को शुभकामनाएं भी दीं।
राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यरत जीतो जैन समाज की प्रगति में अहम भूमिका निभा रहा है। संगठन समाज की प्रतिभाओं को प्रशासनिक सेवाओं और अन्य प्रोफेशन में आगे बढ़ाने के लिए अच्छे प्रोजेक्ट संचालित कर रहा है। समाज के सदस्यों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए जीतो की योजनाओं से युवाओं को अपने उद्योग और स्टार्टअप आगे बढ़ाने में सहायता मिल रही है। उन्होंने जीतो भीलवाड़ा चैप्टर की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस चैप्टर ने देश में अपनी पहचान कायम की है।
भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के प्रति अपने दायित्व को कभी नहीं भूलना चाहिए। हमें जो भी मिला है, उसे वापस समाज को लौटाने की भावना रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीतो भीलवाड़ा समाजहित में जो भी कार्य करेगा, उसमें उन्हें हमेशा पूरा सहयोग मिलेगा।
जीतो के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाजसेवी महावीरसिंह चौधरी ने कहा कि जीतो भीलवाड़ा की श्रेष्ठ सेवाओं और नवाचारों की चर्चा पूरे देश में होती है। यहां की लेडिज विंग ने भी पिछले दो वर्षों में श्रेष्ठ सेवाओं के लिए कई सम्मान प्राप्त किए हैं। सदस्यों के सेवा, समर्पण और जज्बे ने जीतो भीलवाड़ा चैप्टर को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई है।
समारोह में महावीरसिंह चौधरी ने जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के 61 नए पेट्रेन सदस्यों का पिन लगाकर स्वागत किया। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि भीलवाड़ा में जीतो चैप्टर, लेडिज विंग और यूथ विंग के माध्यम से सदस्यों की संख्या 1500 से अधिक हो चुकी है।
समारोह में नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, टीम जीतो अपेक्स एडवाइजरी बोर्ड के पृथ्वीराज कोठारी और सुखराज नाहर, अपेक्स वाइस प्रेसीडेन्ट महावीर लुणावत, जेएटीएफ प्रेसीडेन्ट उज्जवल पगारिया, अपेक्स डायरेक्टर निश्चल जैन, नितिन जैन और तिलोकचंद छाबड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों का नई टीम को आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के नवनिर्वाचित चेयरमैन डॉ. संपतलाल जैन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसे वह पूरी टीम के साथ समर्पित भाव से निभाएंगे। जीतो समाज के लिए बेहतर कार्य कर सके, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। चैप्टर के चीफ सेक्रेट्री अकिन चौधरी ने नवगठित टीम की जानकारी देने के साथ आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया। जीतो भीलवाड़ा चैप्टर लेडिज विंग की चेयरपर्सन नेहा नाहर और यूथ विंग के चेयरपर्सन प्रतीक बुलिया ने अपने-अपने विंग की आगामी योजनाओं की जानकारी दी। आभार जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के निवर्तमान चीफ सेक्रेट्री मनीष शाह ने जताया, जबकि समारोह का संचालन नीतू ओस्तवाल ने किया।
इस अवसर पर जीतो चैप्टर जयपुर, कोटा, अजमेर, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, पाली और किशनगढ़ सहित विभिन्न स्थानों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
पदस्थापन एवं शपथ ग्रहण समारोह में जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के चेयरमैन डॉ. संपतलाल जैन, चीफ सेक्रेट्री अकिन चौधरी, वाइस चेयरमैन सुनील नाहर, निशान्त जैन, प्रकाश सुतरिया और पुष्पा गोखरू ने शपथ ली। सचिव पद पर प्रतीक कावड़िया, अर्पित चौधरी, ललित डोशी और राजेन्द्र बाबेल ने जिम्मेदारी संभाली। कोषाध्यक्ष गिरिश ओस्तवाल और ज्वॉइन्ट कोषाध्यक्ष धर्मेन्द्र मेहता एवं अशोक सामर ने भी शपथ ली। डायरेक्टर के रूप में अजय चौरड़िया, प्रतीक जैन, नीतू ओस्तवाल, अभिषेक खजांची, महेंद्र सोगानी और सिद्धार्थ गोखरू ने जिम्मेदारी ग्रहण की।
जीतो लेडिज विंग की चेयरपर्सन नेहा नाहर, चीफ सेक्रेट्री निकिता पाटौदी और कोषाध्यक्ष सोनल छाबड़ा ने भी शपथ ली। जीतो यूथ विंग के चेयरमैन प्रतीक बुलिया, चीफ सेक्रेट्री अभि जैन, कोषाध्यक्ष संयम जैन, वाइस चेयरमैन अचल चौधरी और अंशुल सिंह तथा सचिव सुरभि चौपड़ा, दक्ष जैन, निकेत जैन, यश डांगी, विनय पगारिया और मुस्कान जैन ने भी नई कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की।
‘समन्वय-2026’ के माध्यम से जीतो भीलवाड़ा चैप्टर, लेडिज विंग और यूथ विंग की नई टीम ने सेवा, शिक्षा, सामाजिक प्रगति और आर्थिक सशक्तिकरण के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह में वक्ताओं ने संगठन की सेवाओं, नवाचारों और समाज की प्रतिभाओं को अवसर देने के प्रयासों को रेखांकित किया।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
