समाज की शैक्षिक प्रगति, युवाओं को प्रोत्साहन और आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में सक्रिय जीतो भीलवाड़ा चैप्टर ने अब अपनी योजनाओं का दायरा बढ़ाने की तैयारी की है। संगठन का लक्ष्य है कि जीतो की योजनाओं का लाभ समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए छोटे शहरों और कस्बों तक संगठन का विस्तार करने के साथ जमीनी स्तर पर गतिविधियों को और मजबूत किया जाएगा।

जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. संपत जैन ने बुधवार को चौधरी-डांगी जीतो हाउस में मीडियाकर्मियों से मुलाकात के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने नई टीम का परिचय कराते हुए आगामी दो वर्ष के कार्यकाल की प्राथमिकताओं और कार्ययोजना के बारे में बताया।

डॉ. जैन ने कहा कि जीतो अपेक्स की ओर से समाज और आमजन के लाभार्थ विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें शैक्षिक मार्गदर्शन, एजुकेशन लोन, स्टार्टअप प्रोत्साहन, श्रमण आरोग्यम और मेट्रोमोनियल सहित कई योजनाएं शामिल हैं। इनका क्रियान्वयन जीतो चैप्टर, लेडिज विंग और यूथ विंग के सहयोग से किया जा रहा है। संगठन की कई योजनाओं का लाभ सभी समाजों के आमजन को भी मिल रहा है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी जीतो की ओर से कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा में जीतो एक्सपो आयोजित कराने के प्रयास किए जाएंगे। इसके माध्यम से बिजनेस प्रमोशन के लिए एक विशाल प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा।

जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के चीफ सेक्रेटरी अकिन चौधरी ने बताया कि चैप्टर का निरंतर विस्तार हो रहा है। वर्तमान में करीब 450 सदस्य संगठन से जुड़े हैं। लेडिज विंग और यूथ विंग के सदस्यों को मिलाकर जीतो भीलवाड़ा परिवार की कुल सदस्य संख्या करीब 1800 है। उन्होंने बताया कि जीतो लेडिज विंग की टीम अध्यक्ष नेहा नाहर और चीफ सेक्रेटरी निकिता जैन के नेतृत्व में कार्य कर रही है।

चैप्टर के वाइस चेयरमैन निशान्त जैन ने बताया कि जीतो के माध्यम से प्रोफेशनल एजुकेशन प्राप्त कर रहे समाज के बच्चों को शैक्षिक ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। पिछले एक वर्ष में भीलवाड़ा के 13 बच्चों को दस लाख या उससे अधिक राशि का शैक्षिक ऋण दिया गया। इसके साथ ही प्रशासनिक सेवाओं और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

जीतो यूथ विंग के अध्यक्ष प्रतीक बुलिया ने कहा कि संगठन समाज के युवाओं को अपने साथ जोड़ने और उन्हें सभी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। उन्होंने बताया कि यूथ विंग की ओर से जीतो भीलवाड़ा के सभी सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव और परिचय बढ़ाने के उद्देश्य से जल्द ही एक डायरेक्टरी प्रकाशित की जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

कार्यक्रम के अंत में जीतो यूथ विंग के चीफ सेक्रेटरी अभि जैन ने आभार व्यक्त किया। नई टीम की कार्ययोजना में शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, युवा सहभागिता और संगठन विस्तार को प्राथमिकता देते हुए आगामी दो वर्षों में जीतो की योजनाओं को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story