भीलवाड़ा में जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी का नागरिक अभिनंदन
संजय डांगी ने जीतो के सेवा, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लक्ष्यों पर दिया जोर, एआई और दूरगामी सोच अपनाने का दिया संदेश।

भीलवाड़ा में जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी का स्वागत करते समिति प्रतिनिधि।
भीलवाड़ा, 10 अक्टूबर। जैन समाज की एकता, सेवा, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा देने के आह्वान के बीच जीतो अपेक्स के नवनिर्वाचित चेयरमैन संजय डांगी का शनिवार शाम भीलवाड़ा में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागर महाराज के सानिध्य में आयोजित समारोह में सनातन धर्म एवं वैश्य समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों ने डांगी का स्वागत किया। इस अवसर पर आचार्य पुलकसागर महाराज ने जीतो के माध्यम से जैन एकता और भगवान महावीर का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
देश के टॉप 100 उद्यमियों में शुमार संजय डांगी ने सकल जैन समाज के प्रमुख संगठन जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) अपेक्स के चेयरमैन का पदभार संभालने के बाद पहली बार भीलवाड़ा आगमन किया। इससे पहले शनिवार दोपहर हमीरगढ़ हवाई पट्टी पहुंचने पर जीतो भीलवाड़ा चैप्टर और जैन समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। यहां से करीब 100 कारों की रैली के साथ उन्हें शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल लाया गया। सद्भावना का संदेश देती इस रैली के बाद नागरिक अभिनंदन समिति भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित समारोह में विभिन्न संगठनों ने उनका अभिनंदन किया।
समारोह में आशीर्वचन देते हुए आचार्य पुलकसागर महाराज ने कहा कि जैन समाज देश की आबादी में भले ही एक प्रतिशत से भी कम हो, लेकिन टैक्स में 30 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी के साथ राष्ट्र की प्रगति में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि इस समाज के पीछे धन भागता है और यह वरदान उसे तीर्थंकर ऋषभदेव तथा महावीर स्वामी से मिला है। भारत ऐसा देश है, जहां चाय बेचने वाला व्यक्ति प्रधानमंत्री बन जाता है और शाहपुरा जैसी छोटी जगह से निकला संजय डांगी जैन समाज का गौरव बन जाता है। किस्मत बदलने में अधिक समय नहीं लगता। अपने लोगों को ऊंचाइयों पर पहुंचते देखकर खुशी होती है।
आचार्यश्री ने कहा कि जैन समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी है। समाज जीवंत रहे और देश मजबूत बने, यही भावना होनी चाहिए। जीतो के माध्यम से भगवान महावीर का संदेश जन-जन तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिनालय के साथ एक विद्यालय और विद्यालय के पास एक चिकित्सालय अवश्य होना चाहिए। नवकार महामंत्र की गूंज पूरी दुनिया तक पहुंचाने वाली जीतो को पंथ और परंपराओं में विभाजित जैन समाज के सामने एकता की मिसाल पेश करनी चाहिए।
आचार्य पुलकसागर महाराज ने जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर बने भरत चक्रवर्ती की प्रतिमाएं जगह-जगह स्थापित करने की अपील की। उन्होंने भीलवाड़ा महापौर से आग्रह किया कि शहर के किसी एक पार्क का नामकरण भरत चक्रवर्ती के नाम पर कर वहां उनकी प्रतिमा स्थापित कराई जाए।
भव्य स्वागत से अभिभूत जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी ने कहा, “भीलवाड़ा में आकर बोलने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। जिस मिट्टी ने मुझे चलना सिखाया, उसके सामने सिर झुकाने आया हूं। जिस शहर ने मुझे पहचान दी, उससे रिश्ता निभाने आया हूं।” उन्होंने कहा कि अपने समाज के लोगों द्वारा उनका अभिनंदन किया जाएगा, यह उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था। उनकी भावना है कि वे अधिक से अधिक लोगों के साथ मिलकर कार्य करें।
डांगी ने कहा कि यह समारोह उनके लिए भावनात्मक पल है। उन्होंने अपने माता-पिता को नमन करते हुए कहा कि उनके उपकारों को कभी नहीं भुलाया जा सकता। उनकी मां ने उन्हें हमेशा सबके लिए अच्छा करने की सीख दी। वे यहां अपने परिवार से मिलने आए हैं। उन्हें गुरुओं का आशीर्वाद और सभी का प्रेम एवं स्नेह मिला है, जिन्होंने उन्हें इस योग्य समझा।
उन्होंने कहा कि जीतो अपेक्स चेयरमैन का पद केवल पद नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व है, जिसे सभी को साथ लेकर निभाया जाएगा। जीतो भीलवाड़ा चैप्टर की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि महावीरजी चौधरी ने इसे नामचीन चैप्टर बनाया है। देशभर के जीतो चैप्टर भीलवाड़ा चैप्टर की गतिविधियों का अनुसरण करते हैं।
डांगी ने बदलते दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अब हमें भी बदलना होगा और दस वर्ष आगे की सोच रखनी होगी। युवाओं की ऊर्जा के साथ अपने अनुभव को जोड़ना जरूरी है। सेवा, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण जीतो के मुख्य लक्ष्य हैं। शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में विशेष कार्य किए जा रहे हैं तथा प्रतिभावान विद्यार्थियों को एजुकेशन लोन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उनकी भावना केवल जैन समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी समाज आपसी समन्वय के साथ काम करें और एक साथ प्रगति करें। डांगी ने भीलवाड़ावासियों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प जताते हुए कहा कि उन्हें यहां से जो मिला है, वह अनमोल धरोहर है।
समारोह में सांसद दामोदर अग्रवाल ने लोकसभा क्षेत्रवासियों की ओर से संजय डांगी का अभिनंदन करते हुए कहा कि जीतो चेयरमैन बनकर उन्होंने समूचे भीलवाड़ा का गौरव बढ़ाया है। वरिष्ठ समाजसेवी महावीरसिंह चौधरी ने आचार्य पुलकसागर महाराज को केवल दिगम्बर संत ही नहीं, बल्कि जन संत बताया। उन्होंने कहा कि उनके दर्शन मात्र से पाप, ताप और संताप मिट जाते हैं।
महावीरसिंह चौधरी ने कहा कि संजय डांगी की अथक मेहनत के कारण आज उनका नाम देश के टॉप 100 उद्योगपतियों में शामिल है। सामुदायिक आधार पर बेहतरीन सेवा कार्य करने वाली जीतो के देश में 103 और विश्व में 28 चैप्टर कार्य कर रहे हैं।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, नगर निगम महापौर जसवंतकंवर और उप महापौर राधेश्याम सोमानी उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत में नागरिक अभिनंदन समिति के महावीरसिंह चौधरी, तिलोकचंद छाबड़ा, प्रवीण चौधरी, एसएन मोदानी, दिनेश नौलखा, पवन खेमका, डॉ. संपतलाल जैन, बाबूलाल जाजू सहित अन्य लोगों ने संजय डांगी का स्वागत किया।
इस दौरान संजय डांगी ने अपने परिवारजनों के साथ आचार्यश्री का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वागत उद्बोधन नागरिक अभिनंदन समिति में शामिल सकल दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने दिया। नवकार महामंत्र के साथ शुरू हुए कार्यक्रम का संचालन मनीष शाह ने किया। उन्होंने संजय डांगी की पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी देते हुए बताया कि सीए बनने के लिए शाहपुरा से मुंबई पहुंचे डांगी ने अपनी मेहनत से देश के आर्थिक जगत में विशिष्ट पहचान बनाई और भीलवाड़ा का नाम गौरवान्वित किया।
समारोह के अंत में भीलवाड़ा के सनातन धर्म एवं वैश्य समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों ने जीतो अपेक्स चेयरमैन बनने पर संजय डांगी का स्वागत-अभिनंदन किया। अभिनंदन करने वाले संगठनों में सकल दिगम्बर जैन समाज, श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ शांति भवन, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा संस्था, श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ, श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति भीलवाड़ा, जीतो भीलवाड़ा चैप्टर, जीतो लेडिज चैप्टर, जीतो यूथ विंग, पुलक एकता मंच, जैन सोशल ग्रुप, जेएसजी परिवार, लॉयन्स क्लब, गोविन्द मॉर्निंग क्लब, महावीर इंटरनेशनल मीरा, ज्वॉयंट्स ग्रुप, शीतल गच्छ यश प्रोत्साहन मंडल, चंदनबाला महिला मंडल, वीर सेवा संघ, नामदेव समाज, मेवाड़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स भीलवाड़ा, भीलवाड़ा प्रॉपर्टी डीलर्स एवं ब्रोकर एसोसिएशन, आरसीएम ग्रुप, संगम ग्रुप, नितिन स्पिनर्स ग्रुप, नवकार ग्रुप, भीलवाड़ा होटल एसोसिएशन, जैन इंजीनियर्स सोसायटी, अग्रवाल समाज संपत्ति ट्रस्ट, भीलवाड़ा नगर माहेश्वरी सभा, इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन, बार एसोसिएशन भीलवाड़ा, अखिल भारतीय सर्वधर्म महासभा, सद्भावना सेवा ट्रस्ट, प्राकृतिक कुल्हड़ ग्रुप, सीए एसोसिएशन भीलवाड़ा, संस्कार समाज सेवा संस्था, टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन और ओसवाल जैन समाज बेंगू शामिल थे।
इस बीच, जीतो भीलवाड़ा चैप्टर की नई टीम का पदस्थापन एवं शपथ ग्रहण समारोह रविवार, 11 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे ओरियम रिसोर्ट में आयोजित होगा। ‘समन्वय-2026’ नाम से होने वाले इस कार्यक्रम में जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में सहकारिता मंत्री गौतम दक, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभय जैन, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर और उप महापौर राधेश्याम सोमानी विशिष्ट अतिथि होंगे। इस अवसर पर टीम जीतो अपेक्स एडवाइजरी बोर्ड और टीम जीतो अपेक्स के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के नवनिर्वाचित चेयरमैन डॉ. संपतलाल जैन, चीफ सेक्रेट्री अकिन चौधरी, जीतो लेडिज विंग की चेयरपर्सन नेहा नाहर और यूथ विंग के चेयरपर्सन प्रतीक बुलिया के नेतृत्व में कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां की गई हैं। संजय डांगी के नागरिक अभिनंदन और आगामी शपथ ग्रहण समारोह के माध्यम से जीतो की गतिविधियों, सामाजिक सेवा, शिक्षा, चिकित्सा और विभिन्न समाजों के बीच समन्वय को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
