गाय की सेवा, सुरक्षा और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान के तीसरे चरण के तहत 17 दिसंबर को जयपुर में विशाल गौभक्त समागम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में लाखों गौभक्त शामिल होकर गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम प्रार्थना पत्र सौंपेंगे। समागम की तैयारियों और जनसंपर्क अभियान को गति देने के लिए गंगापुर के पंचतीर्थ मंदिर में देर रात महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में महंत श्याम सुंदर दास ने कहा कि गौ माता समस्त सुखों की खान हैं और उनकी सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने गौ संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से आगे आने का आह्वान करते हुए कहा, "गौ बचेगी तो राष्ट्र बचेगा।" उन्होंने कहा कि गौ माता के प्रति श्रद्धा रखने के साथ उनकी सेवा और सुरक्षा का संकल्प लेना भी आवश्यक है।

संभाग प्रभारी नंदकिशोर तेली ने बताया कि गौ सम्मान आह्वान अभियान के जिला संत गौवत्स श्री लाल जी महाराज ने गौ सेवा को सबसे बड़ा पुण्य बताते हुए गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग की है। इसी मांग सहित अन्य विषयों को लेकर 17 दिसंबर को जयपुर के विद्याधर नगर में लाखों गौभक्त एकत्रित होंगे। यहां प्रार्थना पत्रों के माध्यम से अपनी भावनाएं और मांगें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल तक पहुंचाई जाएंगी।

नंदकिशोर तेली ने बताया कि अभियान के तीसरे चरण की तैयारियों के तहत जिलेभर में संतों और गौसेवकों की टोलियां प्रवास कर रही हैं। विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर गौभक्तों को जयपुर पहुंचने का निमंत्रण दिया जा रहा है। अभियान के माध्यम से गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान को लेकर जनजागरण करने के साथ गौ संरक्षण की मांग को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

गौ प्रचारक एवं भीलवाड़ा विधायक प्रतिनिधि बाबूलाल टांक के संचालन एवं सानिध्य में कोशीथल, बाडिया माताजी, रायपुर, गंगापुर, कारोई और गुरला सहित कई स्थानों पर बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में अधिक से अधिक गौभक्तों से 17 दिसंबर को जयपुर पहुंचकर समागम में शामिल होने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर गौ सम्मान आह्वान अभियान के जिला प्रभारी जगदीश तेली, संभाग प्रभारी नंदकिशोर तेली, तहसील प्रभारी राजेश रांका सहित जिला टोली के सदस्य और बड़ी संख्या में गौसेवक उपस्थित रहे। सभी ने गौ माता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और अभियान को व्यापक बनाने का संकल्प लिया। अब 17 दिसंबर को विद्याधर नगर में प्रस्तावित समागम के जरिए गौ संरक्षण से जुड़ी मांगों को राष्ट्रीय और राज्य स्तर के प्रमुख पदाधिकारियों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

Next Story