भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर कस्बे का नाम बदलकर महाभारत कालीन नाम यज्ञपुर रखने की मांग मंगलवार को राजस्थान विधानसभा में गूंज उठी। जहाजपुर विधायक एवं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने विशेष उल्लेख प्रस्ताव के तहत यह विषय सदन में उठाया।

ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व

राजस्थान भाजपा के एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक गोपीचंद मीणा ने सदन को अवगत कराया कि:

  • जहाजपुर कस्बा प्राचीन काल से ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
  • धार्मिक ग्रंथों और महाभारत कालीन उल्लेखों में इस क्षेत्र का नाम यज्ञपुर बताया गया है, जो इसकी ऐतिहासिक पहचान को दर्शाता है।

विधायक की मांग और सरकारी प्रक्रिया

मीणा ने सरकार से आग्रह किया कि "जनभावनाओं और ऐतिहासिक तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जहाजपुर कस्बे का नाम यज्ञपुर किया जाए।" उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में नगर पालिका जहाजपुर द्वारा विधिवत प्रस्ताव पारित किया जा चुका है, जिसे जिला कलेक्टर भीलवाड़ा के माध्यम से राज्य सरकार को भेजा गया है।

विधायक ने सदन में कहा कि नाम परिवर्तन से न केवल क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को सम्मान मिलेगा बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय विकास के नए रास्ते खुलेंगे।

क्षेत्र में खुशी की लहर

इधर विधानसभा में जहाजपुर का नाम यज्ञपुर रखने का मामला उठने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और धार्मिक संस्थाओं ने विधायक गोपीचंद मीणा का आभार जताते हुए इसे जनभावनाओं से जुड़ा ऐतिहासिक कदम बताया है।

"क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से जहाजपुर के प्राचीन नाम को पुनः स्थापित करने की मांग की जा रही थी और अब यह मुद्दा विधानसभा तक पहुंचने से उम्मीद जगी है कि सरकार इस पर सकारात्मक निर्णय लेगी।"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story