भीलवाड़ा जिले के पुर कस्बे में रविवार को मंसूरी समाज की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर ने सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत की। मंसूरी समाज के नवयुवकों ने सामाजिक उत्थान और पीड़ित मानवता की सेवा के उद्देश्य से यह आयोजन कर क्षेत्र में एक प्रेरणादायी संदेश दिया।

मंसूरी विकास सामाजिक सेवा संस्थान, पुर के तत्वावधान में नूरानी मस्जिद के पास आयोजित इस रक्तदान शिविर का शुभारंभ 25 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे किया गया। समिति के सदर इकबाल मंसूरी और सेक्रेटरी सलीम मंसूरी ने बताया कि शिविर के लिए 125 यूनिट रक्त संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। एमजी हॉस्पिटल भीलवाड़ा की रक्त संग्रहण टीम की देखरेख में शाम 5:30 बजे तक कुल 67 यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका था।

शिविर के दौरान समाज के कई अनुभवी और नियमित रक्तदाताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आबिद मंसूरी ने 20वीं बार रक्तदान कर सेवा भावना का परिचय दिया, जबकि भीलवाड़ा जिले के ख्यातनाम सामाजिक कार्यकर्ता मुबारक मंसूरी (उपरेडा) ने 35वीं बार रक्तदान कर कार्यक्रम को गौरवान्वित किया। उल्लेखनीय है कि वे इससे पूर्व 5 सितंबर को विजयनगर में 34वीं बार रक्तदान कर चुके हैं।

इस अवसर पर जमाल मंसूरी, शाहरुख मंसूरी, रमजान सोरगर, यूसुफ मंसूरी, सद्दाम मंसूरी, मोइनुद्दीन मंसूरी, रशीद मंसूरी, बबलू मंसूरी, रफीक मंसूरी, हाजी मुंशी जी, हाजी साहब सिराजुद्दीन जी, नाहीन मंसूरी, अली भाई मंसूरी (भीलवाड़ा), सदिक मंसूरी, रुस्तम मंसूरी सहित नगर परिषद भीलवाड़ा के पूर्व सहव्रत पार्षद योगेश सोनी भी मौजूद रहे। पुर कस्बे और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मंसूरी समाज के नवयुवकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान में भाग लिया।

रक्तदान शिविर का यह आयोजन न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी सहायता साबित होगा, बल्कि समाज में सेवा, एकजुटता और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूती प्रदान करेगा। मंसूरी समाज की यह पहल क्षेत्र में सामाजिक चेतना और मानवीय मूल्यों का सशक्त उदाहरण बनकर उभरी है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story