बहरीन में ICAI Bahrain Chapter की नई कार्यकारिणी में राजस्थान मूल के 7 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स चुने गए। जानिए किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी।

भीलवाड़ा/जोधपुर/जयपुर/अजमेर/बहरीन। राजस्थान की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और पेशेवर उत्कृष्टता ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। बहरीन में भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की प्रतिष्ठित संस्था ICAI Bahrain Chapter की वर्ष 2026-27 की नई 11 सदस्यीय कार्यकारिणी में राजस्थान मूल के 7 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स निर्वाचित हुए हैं। यह उपलब्धि न केवल राजस्थान बल्कि पूरे भारतीय समाज के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।

नई कार्यकारिणी में जोधपुर (मथानिया) के सीए विनोद राठी को चेयरपर्सन चुना गया है। इसके अलावा जयपुर के सीए अभिषेक गुप्ता वाइस चेयरपर्सन, विजयनगर (अजमेर) के सीए पंकज जैन सचिव, भरतपुर के सीए विवेक त्रिवेदी कोषाध्यक्ष, भीलवाड़ा के सीए अंकित अजमेरा संयुक्त सचिव, सुजानगढ़ के सीए कौशलेन्द्र मंगलूनिया संयुक्त कोषाध्यक्ष तथा जयपुर के सीए कार्तिक खंडेलवाल कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

ICAI Bahrain Chapter भारत के बाहर ICAI के सबसे सक्रिय एवं प्रतिष्ठित अध्यायों में से एक है। यह संस्था बहरीन में कार्यरत भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के व्यावसायिक विकास, तकनीकी ज्ञान, नेतृत्व निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करती है।

नई कार्यकारिणी का निर्वाचन आईसीएआई की एआई समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व अध्यक्ष (President) सीए चरणजोत सिंह नंदा की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर ICAI Bahrain Chapter के वर्तमान चेयरपर्सन सीए विनीत मारू, जो स्वयं जयपुर (राजस्थान) से हैं, भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान राजस्थान मूल के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की उल्लेखनीय भागीदारी और नेतृत्व क्षमता की सभी ने सराहना की।

नवनिर्वाचित चेयरपर्सन सीए विनोद राठी ने कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि राजस्थान की उस कार्यसंस्कृति, ईमानदारी, नेतृत्व क्षमता और उद्यमशीलता का सम्मान है, जिसने देश ही नहीं बल्कि विश्वभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि राजस्थानी समाज शिक्षा, व्यवसाय और पेशेवर क्षेत्रों में निरंतर उत्कृष्ट योगदान दे रहा है तथा नई पीढ़ी को वैश्विक स्तर पर नेतृत्व के लिए प्रेरित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि बहरीन जैसे अंतरराष्ट्रीय वित्तीय एवं व्यावसायिक केंद्र में राजस्थान मूल के सात पेशेवरों का नेतृत्वकारी पदों पर चुना जाना इस बात का प्रमाण है कि राजस्थानी प्रतिभाएं वैश्विक मंच पर अपनी योग्यता और समर्पण का सफलतापूर्वक प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने इसे प्रदेश के युवाओं और पेशेवरों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें विश्व स्तर पर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

राजस्थान के इन सात चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का एक साथ नेतृत्वकारी भूमिकाओं में चयन न केवल बहरीन में बसे भारतीय समुदाय के लिए, बल्कि पूरे राजस्थान के लिए भी सम्मान, गौरव और प्रेरणा का विषय बनकर उभरा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story