भीलवाड़ा। सामाजिक सेवा और मानवीय संवेदना का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करते हुए लायंस क्लब भीलवाड़ा द्वारा संचालित लायंस आई हॉस्पिटल तथा श्रीमती गीता देवी गंगाराम बेसवाल चैरिटेबल ट्रस्ट, भीलवाड़ा के तत्वावधान में प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले निःशुल्क नेत्र शिविर के तहत एक और सफल शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में न केवल निःशुल्क नेत्र जांच की गई, बल्कि 71 जरूरतमंद रोगियों के मोतियाबिंद ऑपरेशन भी पूरी तरह निःशुल्क और सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए।

क्लब अध्यक्ष अधिवक्ता पवन पंवार ने जानकारी दी कि शिविर के दौरान कुल 129 रोगियों की आंखों की विस्तृत जांच की गई। जांच के उपरांत चयनित रोगियों के ऑपरेशन लायंस आई हॉस्पिटल में वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. अंशु बोरदिया और उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा अत्यंत कुशलता के साथ किए गए, जिससे सभी रोगियों को नई रोशनी मिली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष अधिवक्ता पवन पंवार ने की। एडवोकेट लायन ललित सांखला ने बताया कि शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में डी.वाई.एस.पी. सीओ सदर सज्जन सिंह तथा निम्बार्क आश्रम के महंत मोहनशरण जी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में वीडीजी प्रथम निशांत जैन, भामाशाह लायन पी.एम. बेसवाल, अतिथि दुर्गालाल सोनी और गोपी दादा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए, ऑपरेशन कराए गए सभी रोगियों को लायंस क्लब भीलवाड़ा द्वारा संचालित 2100 निःशुल्क कंबल वितरण अभियान के अंतर्गत कंबल वितरित किए गए।

लायन हॉस्पिटल प्रभारी जे.के. बागडोदिया और कैंप प्रभारी लायन विनोद जैन ने बताया कि ऑपरेशन के पश्चात सभी रोगियों को आवश्यक दवाइयां, निःशुल्क चश्मे तथा डिस्चार्ज टिकट प्रदान कर सम्मानपूर्वक उनके घरों के लिए रवाना किया गया।

मुख्य अतिथि डी.वाई.एस.पी. सज्जन सिंह ने अपने उद्बोधन में लायंस क्लब भीलवाड़ा द्वारा जरूरतमंदों के लिए की जा रही निस्वार्थ सेवा की सराहना की। उन्होंने नेत्रदान को महादान बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लेने और नेत्रदान फॉर्म भरने का आह्वान किया, साथ ही चयनित रोगियों को आंखों की सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी। पूर्व रिजन चेयरमेन लायन राकेश पगारिया ने भी नेत्रदान प्रक्रिया को सरल बताते हुए सभी को इसके लिए प्रेरित किया और कहा कि किसी भी उम्र में नेत्रदान किया जा सकता है।

इस अवसर पर भामाशाह पी.एम. बेसवाल के पुत्र पुष्पेन्द्र बेसवाल के जन्मदिवस पर सेवा कार्यों के लिए 51,000 रुपये का सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष पवन पंवार ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि लायंस क्लब भीलवाड़ा वर्षभर जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेगा। साथ ही प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के तहत कपड़े के थैले भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन एडवोकेट लायन ललित सांखला ने किया।

शिविर को सफल बनाने में अस्पताल प्रभारी लायन जे.के. बागडोदिया, लायन ओमप्रकाश काबरा, लायन जे.पी. अग्रवाल, लायन भवानीशंकर दुदानी, लायन अब्बास अली बोहरा, लायन विनोद जैन, लायन एडवोकेट ललित सांखला सहित सभी लायंस सदस्यों, पदाधिकारियों और हॉस्पिटल स्टाफ का उल्लेखनीय सहयोग रहा। यह शिविर न केवल चिकित्सा सेवा का उदाहरण बना, बल्कि समाज के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश भी देकर गया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story