हिंदुस्तान जिंक में महिलाओं की आर्थिक आजादी से डिजिटल नेतृत्व तक नई उड़ान
हिंदुस्तान जिंक की सखी पहल से 25 हजार से अधिक ग्रामीण महिलाएं बचत, ऋण और आजीविका से जुड़ीं। कंपनी के 26.3% महिला कार्यबल में महिलाएं माइंस, स्मेल्टर्स और डिजिटल तकनीक में नेतृत्व कर रही हैं।

तस्वीर में चार महिलाएं खदान के भीतर सुरक्षा हेलमेट, चश्मे और हाई-विजिबिलिटी गियर पहने हुए हाथ बांधकर खड़ी हैं।
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हिंदुस्तान जिंक में महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता से लेकर तकनीकी नेतृत्व तक बदलाव की तस्वीर सामने आई है। कंपनी की सखी पहल से राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों की 25 हजार से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर बचत, ऋण, कौशल, उद्यमिता और आजीविका के अवसरों से आगे बढ़ रही हैं, वहीं आधुनिक माइंस और स्मेल्टर्स में महिलाएं एआई, ऑटोमेशन और डिजिटलीकरण जैसे उन्नत क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रही हैं।
भीलवाड़ा, 14 अगस्त 2026। इन वर्षों में हिंदुस्तान जिंक ने महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कंपनी ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने के साथ आधुनिक माइंस और स्मेल्टर्स में महिलाओं को तकनीक आधारित नेतृत्व भूमिकाओं में आगे बढ़ा रही है। महिलाओं की उपलब्धियां आर्थिक आत्मनिर्भरता से लेकर तकनीकी नेतृत्व तक नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
हिंदुस्तान जिंक की प्रमुख ‘सखी’ पहल के तहत 25 हजार से अधिक ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ चुकी हैं। इन समूहों के माध्यम से महिलाओं को बचत, ऋण, उद्यमिता प्रशिक्षण और आजीविका के अवसर मिल रहे हैं। सखी उत्पादन समिति से जुड़ी फरजाना इसका उदाहरण हैं। उन्होंने घरेलू श्रम कार्य से आगे बढ़कर परिधानों और एफएमसीजी उत्पाद निर्माण में अपना स्थान बनाया और अब लगभग 3.47 लाख रुपये वार्षिक आय अर्जित कर रही हैं। कोविड-19 के दौरान उनकी इकाई ने कपड़े के मास्क बनाकर अपनी आय बनाए रखने के साथ समाज की महत्वपूर्ण जरूरत भी पूरी की।
हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा, “स्वतंत्रता ने हमें एक राष्ट्र के रूप में अपना भविष्य गढ़ने की आजादी दी, जबकि आर्थिक स्वतंत्रता प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिंदगी को बेहतर बनाने की ताकत देती है। हिंदुस्तान जिंक में हम मानते हैं कि हमारी जिम्मेदारी केवल आर्थिक मूल्य सृजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे अवसर सृजित करना भी है जो लोगों को आगे बढ़ने में सहायक हो। चाहे ग्रामीण क्षेत्र की कोई महिला अपना व्यवसाय शुरू करे या तकनीकी क्षेत्र में कदम रखने वाली युवा महिला आधुनिक उद्योगों का नेतृत्व करे, हम उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ते हुए हम महिलाओं को आजीविका, आकांक्षाओं और नेतृत्व के नए अवसर उपलब्ध कराते रहेंगे।”
कंपनी की ‘समाधान’ पहल महिलाओं को कृषि और पशुपालन आधारित आजीविका मजबूत करने में भी मदद कर रही है। मटून गांव की प्रेम बाई व्यास ने इसी पहल के माध्यम से अपने डेयरी व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। पहले वह प्रतिदिन लगभग 10 लीटर दूध बेचती थीं और भुगतान के लिए बिचौलियों पर निर्भर थीं। अब उनका उत्पादन बढ़कर करीब 85 लीटर प्रतिदिन हो गया है और उनकी मासिक आय 90 हजार रुपये से अधिक है। भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में मिलता है और वह स्वयं 20 पशुओं वाली डेयरी का संचालन कर रही हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं जहां उद्यमिता और आजीविका के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बन रही हैं, वहीं हिंदुस्तान जिंक के कार्यस्थलों पर भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। कंपनी के कुल कार्यबल में 26.3 प्रतिशत महिलाएं हैं, जो भारत के मेटल एवं माइनिंग उद्योग में सबसे अधिक है। वहीं 62 प्रतिशत कर्मचारी 35 वर्ष से कम आयु के हैं, जिससे कंपनी का कार्यबल उद्योग के सबसे युवा और समावेशी कार्यबलों में शामिल है।
हिंदुस्तान जिंक में महिलाएं भूमिगत खदानों में काम कर रही हैं, भारी मशीनरी संचालित कर रही हैं, महत्वपूर्ण उत्पादन प्रक्रियाओं का प्रबंधन कर रही हैं, माइन रेस्क्यू टीमों का हिस्सा हैं और एआई, मशीन लर्निंग, ऑटोमेशन तथा डिजिटलीकरण जैसे उन्नत तकनीकी क्षेत्रों का नेतृत्व कर रही हैं।
कंपनी की ‘तेजस्विनी’ पहल के अंतर्गत चंदेरिया स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स के लीचिंग एवं प्यूरिफिकेशन सेक्शन में महिलाओं की टीम विभिन्न शिफ्टों में संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही है। इससे मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को नई मजबूती मिली है।
देबारी जिंक स्मेल्टर में कार्यरत आईआईटी दिल्ली से स्नातक स्वप्निल थोरी डिजिटलाइजेशन विभाग का नेतृत्व कर रही हैं। वह एआई और मशीन लर्निंग आधारित समाधानों के माध्यम से स्मेल्टर्स और पावर प्लांट्स में बदलाव ला रही हैं। उनके नवाचारों ने प्रक्रिया दक्षता, प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस और संसाधन अनुकूलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है तथा उन्हें और उनकी टीम को कई सम्मान भी दिलाए हैं।
वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, सामुदायिक विकास और महिलाओं के सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकसित भारत 2047 की दिशा में आगे बढ़ते हुए कंपनी यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि विकास के लाभ केवल उसके परिचालन तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और समुदायों तक भी पहुंचें।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
