हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में पिछले एक माह से संचालित धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सेवा गतिविधियों की भव्य पूर्णाहुति सोमवार, 15 जून को विविध वैदिक अनुष्ठानों, संत समागम और विशेष धार्मिक आयोजनों के साथ संपन्न होगी। संतान सेवा समिति एवं महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस महाआयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी महाराज ने बताया कि 17 मई से प्रारंभ हुए पुरुषोत्तम मास के दौरान आश्रम में प्रतिदिन गीता पाठ, दुर्गा सप्तशती पाठ, अन्नपूर्णा स्तोत्र, श्री यंत्र पूजन, श्री सूक्त पाठ, गोपाल सहस्रनाम पाठ, महामृत्युंजय जाप, कनकधारा स्तोत्र, कल्पवृक्ष पूजन, गौसेवा, अन्नक्षेत्र, जलसेवा तथा अखंड रामनाम संकीर्तन सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए गए। इन आयोजनों में देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।

समापन दिवस पर प्रातः 5 बजे गंगा, नर्मदा एवं पुष्कर के पवित्र जल से निर्मित सरोवर में संत-महात्माओं के स्नान एवं पवित्र डुबकी के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात प्रातः 7 बजे आचार्य पंडित रोशन शास्त्री एवं उपाचार्य पंडित सत्यनारायण शर्मा के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विष्णु यज्ञ प्रारंभ होगा तथा हरि सिद्धेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया जाएगा। दोपहर 12:15 बजे अभिजीत मुहूर्त में यज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न होगी।

अपराह्न 3 बजे आयोजित संत समागम एवं हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम में भीलवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों के अनेक संत-महात्मा और महंत गण भाग लेंगे। इस अवसर पर श्रीमहंत लक्ष्मण दास जी त्यागी, महामंडलेश्वर बाबूगिरी जी महाराज, श्रीमहंत मोहन शरण जी शास्त्री, महंत बनवारी शरण जी, महंत संतदास जी महाराज, महंत रामदास जी, महंत आशुतोष जी महाराज, महंत बलराम दास जी, महंत गोपाल दास जी महाराज, महंत मोनी बाबा, महंत राम गिरि जी महाराज, महंत जयराम दास जी, महंत जमनापुरी जी, महंत जोगेश्वर दास जी महाराज, डॉ. स्वामी निर्मल दास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा एवं शहर के विभिन्न मंदिरों के पुजारी उपस्थित रहेंगे।

पुरुषोत्तम मास के दौरान आश्रम में देश के विभिन्न भागों से आए विद्वान संतों एवं कथा वाचकों द्वारा धार्मिक कथाओं का आयोजन भी किया गया। हरिद्वार के महामंडलेश्वर स्वामी जगदीश दास जी उदासीन महाराज द्वारा श्रीराम कथा, भानपुरा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद जी तीर्थ द्वारा भक्तमाल कथा, पंडित गौरीशंकर शास्त्री द्वारा श्री सत्यनारायण कथा, स्वामी अशोकानंद जी महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा तथा डॉ. स्वामी निर्मल दास जी महाराज द्वारा श्री शिवमहापुराण कथा का रसपान कराया गया। इन कथाओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म, भक्ति और सनातन संस्कृति का संदेश ग्रहण किया।

स्वामी हंसराम जी महाराज ने बताया कि अमेरिका, स्पेन, आयरलैंड सहित देश के अहमदाबाद, वडोदरा, मुंबई, सूरत, चित्तौड़गढ़, अजमेर, उदयपुर और जोधपुर सहित विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु आश्रम पहुंचे। इस दौरान आश्रम द्वारा संत सेवा, गौसेवा, ब्राह्मण सेवा, कन्या सेवा तथा जरूरतमंदों की सहायता के साथ कच्ची बस्तियों में वस्त्र, कंबल, भोजन प्रसाद, मालपुए और आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया गया।

यज्ञाचार्य पंडित रोशन शास्त्री के अनुसार पूर्णाहुति कार्यक्रम में अमावस्या तर्पण, 33 कोटि देवी-देवताओं का पूजन, 33 प्रकार के व्यंजन सहित छप्पन भोग तथा विभिन्न वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। संत समागम, गंगा आरती, रामधुनी विश्राम एवं समस्त पाठ-पारायण की पूर्णाहुति के साथ पुरुषोत्तम मास का यह आध्यात्मिक महाआयोजन संपन्न होगा। पूरे माह आश्रम परिसर भक्ति, सेवा और श्रद्धा के वातावरण से सराबोर रहा तथा प्रतिदिन श्रद्धालुओं को शीतल पेय एवं प्रसाद का वितरण किया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story