हर घर महेश अभियान: भीलवाड़ा में पोस्टर विमोचन के साथ जन-आंदोलन का आगाज
माहेश्वरी समाज ने महेश नवमी पर भगवान महेश के पूजन और अभिषेक का संकल्प लिया, सड़क सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई।

भीलवाड़ा में 'हर घर महेश - घर-घर महेश' अभियान के तहत पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में शामिल पदाधिकारी। इसमें राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडाणी, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुमन श्री सुरेश सोनी सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के माध्यम से एक स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण की दिशा में अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब (IMCC INDIA) द्वारा पिछले सात वर्षों से संचालित अभियान ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। भीलवाड़ा में महेश नवमी 2026 और माहेश्वरी समाज के 5159वें वंशोत्पत्ति दिवस के पावन अवसर पर इस अभियान को व्यापक स्तर पर ‘जन-आंदोलन’ का स्वरूप दिया गया। इस महत्वपूर्ण कड़ी में ‘हर घर महेश – घर-घर महेश’ अभियान का भव्य पोस्टर विमोचन किया गया, जिसके माध्यम से समाज के प्रत्येक परिवार को प्रत्येक सोमवार भगवान महेश का महामृत्युंजय मंत्र जाप के साथ अभिषेक करने का संकल्प दिलाया गया।
भीलवाड़ा में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्लब की राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडाणी ने अपने उद्बोधन में इस पहल की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पिछले सात वर्षों से देशभर में फैली क्लब की 133 जिला शाखाओं के जरिए यह निरंतर प्रयास किया जा रहा है कि दुनिया भर में बसे माहेश्वरी परिवार सप्ताह में कम से कम एक दिन, सोमवार को अपने आराध्य देव भगवान महेश का स्मरण और पूजन अवश्य करें। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि युवा पीढ़ी में धार्मिक संस्कारों का संचार करने, पारिवारिक एकता को सुदृढ़ करने और सामाजिक चुनौतियों का स्वतः समाधान खोजने में यह अनुष्ठान अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहा है। संस्कृति और धर्म की रक्षा को समय की मांग बताते हुए उन्होंने कहा कि अपने आराध्य की नियमित उपासना ही भावी पीढ़ी को संस्कारवान बनाने का सबसे सशक्त मार्ग है।
पोस्टर विमोचन का यह कार्यक्रम क्लब की राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडाणी और राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुमन श्री सुरेश सोनी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. चेतना जागेटिया, पूर्व जिलाध्यक्ष कान्ता बी.एल. मेलाणा, जिला पदाधिकारी एडवोकेट नीलम दरगड़, डॉ. राखी प्रमोद राठी, डॉ. भागचन्द सोमानी, गीता जगदीश चन्द्र मून्दड़ा, दिनेश बिड़ला, रामचन्द्र मून्दड़ा एवं एस्ट्रोलोजर चेतना पुरुषोतम बसेर सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब ने वर्ष 2026 के लिए ‘घर में भक्ति, समाज में शक्ति और सड़क पर सुरक्षा’ का सूत्रवाक्य निर्धारित किया है। महामृत्युंजय मंत्र के आध्यात्मिक जाप के साथ-साथ क्लब अब परिवारों को सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक कर रहा है, क्योंकि संस्था का स्पष्ट मानना है कि जीवन की रक्षा करना ही सबसे बड़ी पूजा है। यह अभियान न केवल समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य कर रहा है, बल्कि व्यावहारिक जीवन में सुरक्षा के महत्व को भी आत्मसात करने के लिए प्रेरित कर रहा है।

