हमीरगढ़ चामुंडा माता मंदिर चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
11 फरवरी 2025 की रात मंदिर से सोने-चांदी के जेवरात और दानपात्र चुराने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने रेकी और तकनीकी जांच के बाद पकड़ा।

हमीरगढ़ कस्बे के चामुण्डा माता मंदिर में करीब 15 माह पूर्व हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात का हमीरगढ़ थाना पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई लंबे समय से लंबित मामले में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
पुलिस के अनुसार 11 फरवरी 2025 को चामुण्डा माता मंदिर के पुजारी पूरण माली ने हमीरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 10-11 फरवरी 2025 की मध्य रात्रि को अज्ञात चोरों ने मंदिर के गेट का ताला तोड़कर माता की मूर्ति का श्रृंगार, 550 ग्राम सोने के जेवरात, 5 किलो 150 ग्राम चांदी के जेवरात तथा मंदिर का दानपात्र चोरी कर लिया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद सुनियोजित और पेशेवर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। ये आरोपी दिन के समय एकांत और कम सुरक्षा वाले मंदिरों की रेकी करते थे, जहां चढ़ावे और जेवरात की अधिक संभावना होती थी। वारदात के दौरान वे अपने मोबाइल फोन पूरी तरह बंद रखते थे तथा सीसीटीवी कैमरों से बचते हुए सुनसान रास्तों का उपयोग करते थे। चोरी के बाद वे मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ उखाड़ ले जाते थे और चोरी किए गए माल को आपस में बांटकर तुरंत अलग हो जाते थे।
घटना स्थल के पीछे घना जंगल होने के कारण सीसीटीवी की अनुपस्थिति और मोबाइल फोन बंद रहने से जांच शुरुआती दौर में चुनौतीपूर्ण रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन और सीओ सदर हरजीराम के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील कुमार बेड़ा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच में हेड कांस्टेबल विशम्बर दयाल ने परंपरागत पुलिसिंग और मजबूत आसूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को डिटेन किया, जिन्होंने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में ज्ञानदास उम्र 26 वर्ष, पुत्र गोपीदास कामड़, निवासी पलाना कला, थाना घासा, जिला उदयपुर तथा घनश्याम उम्र 32 वर्ष, पुत्र उदयराम नायक, निवासी फेमड़िया खेड़ा (हाल अरनोदा), थाना सदर निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ शामिल हैं। पुलिस ने दोनों से चोरी गए सोने-चांदी के माल की बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
इस कार्रवाई में हमीरगढ़ थाना प्रभारी सुनील कुमार, सहायक उपनिरीक्षक विकास यादव, दीवान विशम्बर दयाल, राहुल शर्मा, कांस्टेबल दिनेश कुमार, शांतिलाल, बलवीर सिंह ढाका सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह सफल खुलासा लंबे समय से लंबित एक गंभीर मंदिर चोरी प्रकरण में पुलिस की सतर्कता और जांच क्षमता का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
