भीलवाड़ा के सिंधुनगर गुरुद्वारा में मनाया गया गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व
अखंड पाठ साहिब, गुरबाणी कीर्तन और गुरु के लंगर के साथ संपन्न हुए धार्मिक आयोजन; सांसद, विधायक और महापौर सहित हजारों श्रद्धालुओं ने टेका मत्था।

भीलवाड़ा के सिंधुनगर गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर सजा दरबार।
भीलवाड़ा के सिंधुनगर स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश पर्व (जन्मोत्सव) श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में दिनभर धार्मिक आयोजनों, गुरबाणी कीर्तन, अखंड पाठ साहिब और गुरु के लंगर का आयोजन हुआ। प्रकाश पर्व में हजारों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरुद्वारा साहिब के सचिव ऋषिपाल सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर सुबह 5 बजे से कीर्तन दीवान आरंभ हो गए थे। इसके साथ ही गुरु के लंगर की तैयारियों के लिए सेवा भी शुरू कर दी गई। सुबह 9 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के बाद कीर्तन के विशेष दीवान सजाए गए। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हजूरी में ज्ञानी करनैल सिंह जी और ज्ञानी सुखबीर सिंह जी ने रसमयी गुरबाणी एवं शब्द कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। इस दौरान "सतगुरू नानक प्रगट्या, मिटी धुंध जग चानण होवा" का गायन किया गया।
ज्ञानी जी ने प्रवचन के दौरान बताया कि श्री गुरु नानक देव जी का जन्म सन् 1469 में कार्तिक पूर्णिमा के दिन तलवंडी में हुआ था। कलियुग में अवतार धारण कर उन्होंने ज्ञान की रोशनी से पूरी सृष्टि को प्रकाशमान किया तथा लोगों को अंधविश्वास से दूर रहकर एक अकाल पुरख परमात्मा में विश्वास रखने का उपदेश दिया। उन्होंने गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख उपदेशों का महत्व बताते हुए कहा कि किरत करो अर्थात ईमानदारी से कर्म करो, नाम जपो अर्थात ईश्वर की भक्ति करो और वंड छको अर्थात अपनी नेक कमाई में से दूसरों के साथ बांटकर खाओ।
गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष इन्द्रपाल सिंह सोनी ने बताया कि गुरुपर्व के विशेष आयोजन के लिए बाहर से रागी जत्थे को आमंत्रित किया गया था। रागी भाई बलहार सिंह जी (दिल्ली वाले) एवं उनके साथियों ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया।
दोपहर 1 बजे से गुरु का लंगर वितरित किया गया, जो शाम 7 बजे तक लगातार चलता रहा। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब में दर्शन के लिए पहुंचे।
प्रकाश पर्व के आयोजन में सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, महापौर जसवंत कँवर, उप महापौर राधेश्याम सोमानी, बाबूलाल टांक, संजय राठी, केदार जागेटिया, देवीलाल, चेतन महाराज, पार्षद जितेश चपलोत, ममता पवन ठाकुर और परमानंद समदानी सहित सिंधी सेन्ट्रल पंचायत के पदाधिकारी, लॉयंस क्लब के सदस्य, साईकिल क्लब के सदस्य एवं कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रात 7:30 बजे से 9:30 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान सजाए गए। इस दौरान गुरमत प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आरती और फूल वर्षा भी की गई। आयोजन की समाप्ति के बाद मुस्कान फाउंडेशन और खालसा सेवा संस्थान की ओर से प्रसाद वितरित किया गया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुरुपर्व की बधाई दी। वहीं, श्रद्धालुओं ने अपने घरों में लाइटिंग और रोशनी कर प्रकाश पर्व की खुशियां मनाईं।
कार्यक्रम के दौरान कमेटी के गुरप्रीत सिंह, इकबाल सिंह, दर्शन सिंह, गौरव नागपाल, मनिन्दर सिंह, श्रवण सिंह, जसमीत सिंह, नवजोत सिंह और मनप्रीत सिंह सहित अन्य सदस्यों ने सभी को गुरुपर्व की बधाई दी। इस तरह सिंधुनगर स्थित गुरुद्वारा साहिब में सुबह से रात तक चले धार्मिक आयोजनों के साथ श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
