गुरु अर्जन देव जी का शहीदी दिवस 18 जून को श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा, गुरुद्वारा सिन्धुनगर में रक्तदान शिविर का भी आयोजन
भीलवाड़ा के गुरुद्वारा सिन्धुनगर में 18 जून को गुरु अर्जन देव जी का शहीदी दिवस श्रद्धा और सेवा भावना के साथ मनाया जाएगा। विशेष कीर्तन, अरदास, छबील और विशाल रक्तदान शिविर को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सिक्ख पंथ के पांचवें गुरु साहिब श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज का पावन शहीदी दिवस गुरुवार, 18 जून को सिन्धुनगर स्थित गुरुद्वारा गुरुनानक सभा में श्रद्धा, भक्ति और सेवा भावना के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर धार्मिक आयोजनों के साथ मानव सेवा को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशाल रक्तदान शिविर भी प्रमुख आकर्षण रहेगा।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव ऋषिपाल सिंह ने बताया कि शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में पिछले कई दिनों से चल रहे श्री सुखमनी साहिब जी के पाठों का समापन इसी दिन होगा। प्रातः 8 बजे श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा, जिसके बाद विशेष कीर्तन दीवान सजेंगे। इस दौरान ज्ञानी करनैल सिंह जी एवं ज्ञानी सुखबीर सिंह जी संगत को गुरुबाणी कीर्तन के माध्यम से आध्यात्मिक संदेश प्रदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रातः 10 बजे सामूहिक अरदास का आयोजन किया जाएगा। अरदास के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा तथा गर्मी से राहत और सेवा भावना के प्रतीक स्वरूप ठंडे-मीठे जल की छबील भी लगाई जाएगी। सायंकाल 7:30 बजे से 9 बजे तक पुनः विशेष कीर्तन दीवान आयोजित होंगे। कार्यक्रम के समापन पर स्त्री सत्संग सभा द्वारा गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष इन्द्रपाल सिंह सोनी ने बताया कि इस पावन अवसर पर नौजवान सिक्ख संगठन ‘खालसा सेवा संस्थान’ की ओर से गुरुद्वारा परिसर में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक महात्मा गांधी चिकित्सालय के तकनीकी सहयोग से संचालित होगा। रक्तदान शिविर के दौरान आमजन के लिए ब्लड प्रेशर और शुगर की निःशुल्क जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं खालसा सेवा संस्थान ने गुरुनानक लेवा संगत सहित सभी नागरिकों से धार्मिक कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने तथा रक्तदान शिविर में सहभागिता निभाकर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य को सफल बनाने की अपील की है। गुरु अर्जन देव जी का शहीदी दिवस न केवल श्रद्धा और स्मरण का अवसर है, बल्कि सेवा, त्याग और मानव कल्याण के मूल्यों को आत्मसात करने का प्रेरणादायी संदेश भी देता है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
