भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर में पंचायत राज चुनाव के दौरान बुधवार रात राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा की गाड़ी पर अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया। धौड़ गांव में चुनावी जनसभा के दौरान सभा स्थल के बाहर खड़ी विधायक की गाड़ी का पीछे का शीशा टूट गया। घटना के समय विधायक गोपीचंद मीणा जनसभा को संबोधित कर रहे थे। हालांकि, इस घटना में वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, पंचायत राज चुनाव के सिलसिले में विधायक गोपीचंद मीणा बुधवार रात क्षेत्र के दौरे पर थे। वह जहाजपुर के धौड़ गांव में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक सभा स्थल के बाहर पहुंचे और वहां खड़ी विधायक की गाड़ी पर पत्थर बरसाए। गाड़ी का पीछे का शीशा टूटने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से सभा स्थल पर हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने पथराव की घटना पर आक्रोश जताया। सूचना मिलने पर जहाजपुर डिप्टी रेवड़मल मौर्य और जहाजपुर थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मौके का जायजा लिया। हालांकि, घटना के संबंध में फिलहाल पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच में जुटी है।

घटना के बाद विधायक गोपीचंद मीणा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में अपने विकास कार्यों के दम पर लगातार चुनाव जीत रही है, जिससे कांग्रेस बौखला गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आसन्न राजनीतिक हार को देखते हुए कांग्रेस इस तरह की हरकतों पर उतर आई है। विधायक ने इस घटना को राजनीतिक बौखलाहट से जोड़ते हुए कांग्रेस पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया।

फिलहाल पुलिस फरार बाइक सवार युवकों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस का प्रयास हमले में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ ही इसके पीछे कथित साजिशकर्ताओं का पता लगाना है। पंचायत राज चुनाव के बीच विधायक की गाड़ी पर हुए इस पथराव से जहाजपुर में राजनीतिक तनाव का मामला सामने आया है।

Updated On
Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story