भीलवाड़ा। जिले के बिजौलिया कस्बे में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां सर्राफा व्यापारी कपिल स्वर्णकार के 16 वर्षीय पुत्र से परिचित युवकों ने दिनदहाड़े जबरन सोने के कीमती आभूषण छीन लिए, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

पीड़ित के अनुसार, करीब तीन माह पूर्व उनका पुत्र सुबह घर से सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर दुकान जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से परिचित चार युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने पहले सामान्य बातचीत कर उसका भरोसा जीता, फिर लालच का सहारा लिया और मौका पाकर बैग छीन लिया।

छीने गए बैग में लगभग 35 ग्राम सोने का हार, 30 ग्राम सोने के कान के झेले और 6 ग्राम सोने के टोप्स शामिल थे। ये सभी आभूषण सर्राफा दुकान के लिए ले जाए जा रहे थे। घटना के दौरान आरोपियों ने नाबालिग को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह बुरी तरह डर गया और मानसिक दबाव में आकर काफी समय तक किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सका।

लंबे समय बाद नाबालिग ने अपने करीबी मित्र को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन तुरंत बिजौलिया थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि चारों युवकों ने आपसी मिलीभगत से लूटे गए सोने के आभूषणों को खुर्द-बुर्द कर दिया, जिससे नुकसान की भरपाई कठिन हो गई है।

थाना बिजौलिया पुलिस ने कपिल स्वर्णकार की रिपोर्ट के आधार पर चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

इस घटना के बाद बिजौलिया कस्बे में व्यापारियों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। लोग दिनदहाड़े हुई इस लूट को लेकर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story