गंगापुर (भीलवाड़ा) में संपूर्ण भारत में संचालित गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत गंगापुर स्थित नरसिंह द्वारा मंदिर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौ संरक्षण, गौ संवर्धन एवं गौ सम्मान के प्रति जनजागरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए महंत श्यामसुंदर दास ने गौ माता की महिमा का वर्णन करते हुए समाज से गौ सेवा एवं गौ संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने तहसील क्षेत्र के गौभक्तों द्वारा अभियान के समर्थन में करवाए गए 51 हजार हस्ताक्षरों के हस्ताक्षर पत्र गौ सम्मान आह्वान अभियान के जिला प्रचारक संत गोवत्स श्री लाल जी महाराज को सौंपे।

अभियान के जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल टांक, जिला प्रचारक संत गोवत्स श्री लाल जी महाराज एवं जिला प्रभारी जगदीश तेली ने बताया कि अभियान के तहत जिले की सभी तहसीलों में जनसंपर्क एवं प्रवास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान गौभक्तों एवं आमजन को 27 जुलाई को हरिसेवा धाम में आयोजित होने वाली विशाल संकीर्तन प्रार्थना रैली एवं गौभक्त समागम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है।

बैठक में रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर विश्वप्रताप सिंह तथा नंदकिशोर तेली ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए गौ संरक्षण को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने सभी गौभक्तों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और 27 जुलाई को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौभक्तों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। उपस्थित सभी लोगों ने गौ सम्मान आह्वान अभियान को सफल बनाने तथा आगामी समागम में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान गौ सम्मान हस्ताक्षर अभियान में शामिल श्रद्धालुओं की भी उपस्थिति रही।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story