गंगापुर में सहाड़ा चौराहा रोड स्थित मेहता पेट्रोल पंप के सामने स्टील व्यापारी की दुकान में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। रविवार को हुई 11 गिरफ्तारियों के बाद मामले में अब तक कुल 14 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

जानकारी के अनुसार रुपयों के हिसाब को लेकर विवाद के बाद एक दर्जन से अधिक युवक लग्जरी कारों में सवार होकर सहाड़ा चौराहा रोड स्थित स्टील व्यापारी की दुकान पर पहुंचे थे। आरोपियों ने दुकान में घुसकर पिछोरिया खेड़ा निवासी स्टील व्यापारी सम्पत लाल जाट, उसकी पत्नी और कर्मचारी धर्मराज भील के साथ मारपीट की। इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ भी की गई।

हमले में दुकान मालिक सम्पत लाल जाट के सिर और हाथ में चोटें आईं। उसकी पत्नी और कर्मचारी धर्मराज भील भी घायल हुए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को रिपोर्ट दी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने बताया कि पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए रविवार को 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में भावलास निवासी रामकिशन पुत्र माधु जाट (26), कापड़िया खेड़ा निवासी सुरेश पुत्र भैरूलाल जाट (26), चाखेड़ निवासी सुनील पुत्र राजमल जाट (24), बोरियापुरा निवासी गोपाल लाल पुत्र मोहनलाल जाट (30), बोरियापुरा निवासी बद्रीलाल पुत्र शंकरलाल जाट (41), भावलास निवासी देवराज पुत्र रायमल गुर्जर (27), भावलास निवासी कैलाश पुत्र छीतरमल जाट (25), कीरतपुरा निवासी नारायण पुत्र जगदीश चौधरी (25), भावलास निवासी सोनू पुत्र शंकरलाल जाट (30), भावलास निवासी लक्ष्मीलाल पुत्र माधुलाल जाट (27) तथा भावलास निवासी हंसराज पुत्र रामचंद्र जाट (25) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि रविवार को 11 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों और वारदात से जुड़े तथ्यों के संबंध में भी जांच जारी है।

दुकान में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ के इस मामले में रविवार की कार्रवाई के बाद अब तक कुल 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

Next Story