गंगापुर शहर में मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालकर आमजन को परेशान करने वाले बाइक चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मीडिया में बुलेट के आतंक का मामला सामने आने के बाद हरकत में आई गंगापुर पुलिस ने अभियान चलाकर तीन मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

गंगापुर शहर की गलियों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लंबे समय से मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिलों से तेज और पटाखों जैसी आवाज निकालने की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसी मोटरसाइकिलों पर सवार चालक बेखौफ होकर शहर में घूम रहे थे, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। तेज आवाज के कारण ध्वनि प्रदूषण फैलने के साथ ही सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा था।

मीडिया द्वारा इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। डीएसपी सुदर्शन पालीवाल के निर्देश पर पुलिस चौकी प्रभारी गोपाल सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस दौरान पटाखा साइलेंसर से तेज आवाज निकालने वाली तीन बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त कर उनके चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पटाखा साइलेंसर लगाकर शहर में घूमने वाले बाइक चालकों में हड़कंप मच गया है। आम नागरिकों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार सख्ती बरती जाएगी।

गंगापुर शहरवासियों की लंबे समय से मांग थी कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। नागरिक चाहते हैं कि शहर की सड़कों पर आमजन सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में आवागमन कर सकें। तीन मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों की जब्ती को इस दिशा में पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Next Story