गंगापुर नगरपालिका में कांग्रेस की हैट्रिक, 14 वार्डों में जीत; भाजपा को 9 सीटें
गंगापुर नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस ने 14 वार्ड जीतकर लगातार तीसरी बार कब्जा जमाया। भाजपा को 9 और निर्दलीयों को 2 सीटें मिलीं।

तस्वीर में गंगापुर में चुनाव परिणाम के बाद सड़क पर जश्न मनाते लोग और ढोल बजाते नजर आ रहे हैं
गंगापुर नगरपालिका चुनाव की मतगणना के नतीजों ने कांग्रेस के पक्ष में लगातार तीसरी बार जनादेश दिया है। 25 वार्डों के परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस ने 14 वार्डों में जीत दर्ज कर नगरपालिका पर फिर कब्जा जमा लिया। भाजपा को 9 वार्डों में सफलता मिली, जबकि कांग्रेस और भाजपा से बगावत कर निर्दलीय के रूप में चुनाव मैदान में उतरे एक-एक प्रत्याशी ने भी जीत दर्ज कर दोनों प्रमुख दलों को झटका दिया।
मतगणना के दौरान सुबह से ही तहसील कार्यालय परिसर के आसपास प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ जुटी रही। वार्डवार परिणाम घोषित होने के साथ ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह नजर आया। परिणामों के बाद गंगापुर की राजनीतिक तस्वीर एक बार फिर कांग्रेस के पक्ष में दिखाई दी।
वार्ड 1 से भाजपा के रतनलाल जाट 131 मतों से विजयी हुए। वार्ड 2 से कांग्रेस की रश्मि चौहान ने 437 मतों से जीत दर्ज की। वार्ड 3 में भाजपा के सांवरलाल भील 12 मतों से, वार्ड 4 में भाजपा के हंसराज माली 70 मतों से और वार्ड 5 में भाजपा के सुमेर सिंह 6 मतों से विजयी घोषित हुए।
वार्ड 6 से कांग्रेस के रामप्रसाद माली ने 66 मतों से जीत हासिल की। वार्ड 7 में भाजपा के सुरेश शर्मा 13 मतों से विजयी रहे। वार्ड 8 में कांग्रेस के नवरतन बैरवा ने 343 मतों से बड़ी जीत दर्ज की। वार्ड 9 से कांग्रेस की प्रीति काकाणी 97 मतों से विजयी हुईं। वार्ड 10 में कांग्रेस के प्रशांत कसेरा ने महज 4 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
वार्ड 11 से भाजपा के तुषार अग्रवाल 239 मतों से विजयी हुए। वार्ड 12 में निर्दलीय पवन सिंह भाटी ने 25 मतों से जीत दर्ज की। वार्ड 13 से कांग्रेस की ललिता सांखला 51 मतों से, वार्ड 14 से भाजपा के राजकुमार तेली 153 मतों से और वार्ड 15 से कांग्रेस के कृष्ण गोपाल जीनगर 90 मतों से विजयी घोषित हुए।
वार्ड 16 में कांग्रेस के भोलाराम माली ने 355 मतों से शानदार जीत हासिल की। वार्ड 17 से कांग्रेस की यासमीन पठान 125 मतों से और वार्ड 18 से कांग्रेस की चंचल देवी जाट 209 मतों से विजयी हुईं। वार्ड 19 में निर्दलीय प्रियंका सोनी ने 14 मतों से जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरणों को चौंका दिया।
वार्ड 20 से कांग्रेस की गीता चंदेल 122 मतों से, वार्ड 21 से कांग्रेस की ख्याली देवी खटीक 17 मतों से और वार्ड 22 से भाजपा के विंकल सिंघवी 186 मतों से विजयी रहे। वार्ड 23 से कांग्रेस की रेखा हिरण ने 239 मतों से बड़ी जीत दर्ज की। वार्ड 24 से भाजपा के कैलाश रेगर 16 मतों से और वार्ड 25 से कांग्रेस की राधा देवी रेगर 41 मतों से विजयी घोषित हुईं।
कांग्रेस के 14 पार्षदों के जीतने के बाद अब नगरपालिका अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी के भीतर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कांग्रेस खेमे में प्रीति काकाणी, रेखा हिरण, ललिता सांखला, रश्मि चौहान और गीता देवी चंदेल को अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि अध्यक्ष पद पर अंतिम फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और निर्वाचित पार्षदों के समीकरणों के आधार पर होगा।
गंगापुर नगरपालिका में कांग्रेस की लगातार तीसरी जीत को पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। भाजपा को 9 सीटों पर संतोष करना पड़ा। दोनों दलों से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत ने अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका को महत्वपूर्ण बना दिया है।
मतगणना प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी विवेक गुर्जर की निगरानी में संपन्न करवाई गई। मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। गंगापुर डीएसपी सुदर्शन पालीवाल और थाना प्रभारी पूरणमल मीणा पुलिस जाब्ते के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे।
गंगापुर नगरपालिका के चुनाव परिणामों ने कांग्रेस को लगातार तीसरी बार सत्ता तक पहुंचाया है। अब 14 कांग्रेस, 9 भाजपा और दो निर्दलीय पार्षदों के बीच बने समीकरणों के बीच नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर अगला सियासी मुकाबला अहम होगा।

